UP: बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी की आंखों में झोंकी मिर्च, तमंचा तान लूटा ज्वेलरी से भरा बैग, CCTV में हुए कैद
Shamli News : शामली में बदमाशों ने पहले सर्राफा व्यापारी की आंखों में मिर्च झोंकी और फिर तमंचा तानकर ज्वेलरी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। सभी बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शामली के बाबरी थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाईवे स्थित बुटराड़ा बस स्टैंड पर दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी रविंद्र सिंह की आंखों में पहले मिर्च झाेंकी और फिर तमंचा तानकर ज्वेलरी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। व्यापारी ने बैग में आधा किलो चांदी व तीन ग्राम सोने के गहने होना बताया है। बदमाश हेलमेट लगाए हुए थे और मुंह ढके हुए थे। चारों बदमाश बुटराड़ा बस स्टैंड के पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गए।
बाबरी थाना क्षेत्र के गांव हिरनवाड़ा के मूल निवासी सर्राफा व्यापारी रविंद्र सिंह पिछले कुछ समय से मुजफ्फरनगर में नदी रोड गोशाला मोहल्ले में परिवार समेत रहते हैं। व्यापारी की गांव में सर्राफा की दुकान है। वे रोजाना सुबह को दुकान पर आते है और शाम को मुजफ्फरनगर जाते है। रोजाना की तरह व्यापारी बृहस्पतिवार को शाम के करीब छह बजे घर जाने के लिए गांव हिरनवाड़ा से ई-रिक्शा से बुटराड़ा बस स्टैंड पर पहुंचे। वे स्टैंड पर बाबरी निवासी घोल्लू की खाली ई-रिक्शा में बैठे थे। उसी समय पीछे से आए एक बदमाश ने उनकी आंखों में मिर्च झोंक दी और दो बदमाशों ने तमंचा तान दिया और चौथे बदमाश ने व्यापारी के हाथ से बैग छीन लिया।
वहीं, शोर शराबा होने पर स्टैंड पर खड़े अन्य ई-रिक्शा चालक बदमाशों की तरफ दौड़े तो बदमाशों ने उनकी तरफ तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश तमंचे लहराते हुए दो बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर की तरफ फरार हो गए। व्यापारी ने बैग में आधा किलो चांदी व करीब तीन ग्राम सोने के गहने बताए। लूट की सूचना कंट्रेाल रूम पर दी गई।
सूचना मिलते ही एएसपी संतोष कुमार सिंह, बाबरी थाना प्रभारी, एसओजी टीम व सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। बदमाशों की तलाश में पूरे जिले में नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके।
बताया गया कि बदमाश हेलमेट व फेस मास्क लगाए हुए थे। अभी पीड़ित व्यापारी की तरफ से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। एएसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Murder: मेरी दाढ़ी का तो ख्याल कर! हत्यारा पिता बोला-बेटी को दी थी इज्जत की दुहाई, सिर्फ ये था सहनुमा का कसूर
लूटने की पहले से बनाई गई थी योजना
जिस तरह से बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी से लूट की घटना की है, उससे माना जा रहा है कि बदमाशों ने पहले से ही इसकी योजना बना रखी थी। यह भी बताया गया है कि बदमाश बस स्टैंड पर पहले से ही खड़े थे और मौका लगते ही व्यापारी का बैग लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए दो ने हेलमेट व दो ने कपड़े से मुंह ढका हुआ था।
यह भी पढ़ें: कातिल पिता: छुरी से रेत दिया बेटी का गला, बोला-कई बार मना किया ऐसा काम मत कर; पर वो नहीं मानी, मार डाला