shamli: दहेज की मांग पूरी न हुई तो विवाहिता की मौत, फंदे पर लटका मिला रेशमा का शव, पति गिरफ्तार, चार पर मुकदमा
शामली के महरमपुर गांव में विवाहिता रेशमा का शव ससुराल में पंखे से फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई, पति गिरफ्तार है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के महरमपुर गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। कस्बा कांधला निवासी रेशमा का शव सोमवार रात ससुराल में पंखे से फंदे पर लटका मिला। मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पति इश्तकार को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पांच साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चों की मां थी रेशमा
कांधला निवासी रेशमा की शादी करीब पांच साल पहले महरमपुर दुल्हैंडा निवासी इश्तकार के साथ हुई थी। शादी के बाद रेशमा ने दो बच्चों को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करने लगे थे।
यह भी पढ़ें: UP: मां की आंखों में आंसू, दिल में सुकून, चार साल बाद मिला न्याय, पिता-पुत्र की हुई थी हत्या
बुखार से मौत की दी सूचना, घर पहुंचे तो फंदे पर मिला शव
मृतका की मां जिंदी पत्नी रियासत ने बताया कि सोमवार रात ससुराल वालों ने कांधला में मायके पक्ष के लोगों को फोन कर रेशमा की बुखार से मौत होने की सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन महरमपुर पहुंचे। रेशमा के भाई साहिल और परवेज ने शव को पंखे से लटका देखा। परिजनों ने आरोप लगाया कि रेशमा की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया। उन्होंने गर्दन पर निशान और हाथ की नस कटी होने की बात भी कही।
दहेज में कार और रुपये मांगने का आरोप
मृतका की मां का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग रेशमा से कार और रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। जिंदी के मुताबिक, कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई। हर बार ससुराल पक्ष के लोगों ने गलती मानकर रेशमा को साथ ले जाने की बात कही, लेकिन उसके साथ कथित उत्पीड़न जारी रहा। दो दिन पहले भी रेशमा ने फोन कर परिजनों को परेशानी की जानकारी दी थी।
पति समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी, पति गिरफ्तार
जिंदी की तहरीर पर पुलिस ने पति इश्तकार, ससुर हनीफ, देवर मुस्तफा और सास अफसाना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने पति इश्तकार को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जल्द गिरफ्तार होंगे अन्य आरोपी: एसपी
एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।