सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Siddharthnagar News ›   Bus going to Ayodhya for funeral hits high voltage wire, one dead, three injured

Siddharthnagar News: अंतिम संस्कार में अयोध्या जा रही बस हाई वोल्टेज तार से सटी, एक की मौत, तीन झुलसे

Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Mon, 16 Mar 2026 01:26 AM IST
विज्ञापन
Bus going to Ayodhya for funeral hits high voltage wire, one dead, three injured
चिल्हिया क्षेत्र के करौंदा नानकार गांव के पास घटना स्थल पर भारी संख्या में इकट्ठा आसपास के ग्रा
विज्ञापन
शोहरतगढ़/चिल्हिया। चिल्हिया थाना क्षेत्र के करौंदा नानकार गांव के पास रविवार दोपहर अयोध्या अंतिम संस्कार के लिए जा रही एक बस सड़क के ऊपर लटक रहे 11 हजार वोल्ट तार के संपर्क में आ गई। इससे बस में करंट उतर गया और शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के लखनपारा गांव निवासी श्यामसुंदर (60) की झुलसकर मौत हो गई। जबकि बस परिचालक समेत तीन लोग झुलस गए।
Trending Videos

घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस से जिला मुख्यालय स्थित माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पहुंची चिल्हिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के लखनपारा गांव निवासी रामप्रसाद के पिता रामनरेश का शनिवार रात निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार के लिए परिजन रविवार को बस बुक कर करीब 70 लोगों के साथ शव लेकर अयोध्या जा रहे थे।
बस जब चिल्हिया थाना क्षेत्र के करौंदा नानकार गांव के पास पहुंची तभी सामने से आ रही पिकअप को साइड देने के दौरान बस का ऊपरी हिस्सा सड़क के ऊपर लटक रहे हाई वोल्टेज बिजली तार से छू गया। इससे बस में अचानक करंट दौड़ गया और यात्रियों में भगदड़ मच गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदने लगे।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने लकड़ी के सहारे बिजली के तार को हटाया लेकिन तब तक श्यामसुंदर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे में जगदीश (34), रामअंजोर साहनी (55) और डुमरियागंज निवासी बस परिचालक सागर झुलसकर घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सीओ मयंक द्विवेदी, नायब तहसीलदार महबूब अंसारी और चिल्हिया थानाध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
मृतक श्यामसुंदर के परिवार में पत्नी सुभावती देवी और दो पुत्र देवदत्त व प्रदीप हैं। बताया जाता है कि श्यामसुंदर दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उनके बड़े पुत्र की कुछ वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया।
----------
ग्रामीणों का बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि करौंदा चौराहे से करौंदा नानकार गांव तक बिजली आपूर्ति के लिए लगाए गए 11 हजार वोल्ट के तार कई जगह झूल रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार की गई लेकिन बिजली निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीण मनोज, दुर्गेश, बब्लू और रिंकू का कहना है कि यदि समय रहते तार को ठीक कर दिया जाता तो यह हादसा नहीं होता। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
-----------
ककरही घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
घटना के बाद लखनपारा निवासी रामनरेश के शव को अंतिम संस्कार के लिए अयोध्या ले जाने की योजना बदल दी गई। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार जोगिया कोतवाली क्षेत्र की बूढ़ी राप्ती नदी के ककरही घाट पर करने का निर्णय लिया है।
-------------
वर्जन
घटना के कारणों की जांच की जा रही है। करंट की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। तीन लोग झुलसकर घायल हुए हैं, जिनका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- मयंक कुमार द्विवेदी, सीओ शोहरतगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed