फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Siddharthnagar News ›   Siddharthnagar News: The picture has changed in 79 years; now, the destiny must be transformed

Siddharthnagar News: 79 साल में बदली तस्वीर, अब बदलनी है तकदीर

Sat, 15 Aug 2026 12:10 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर Updated Sat, 15 Aug 2026 12:10 AM IST
विज्ञापन
Siddharthnagar News: The picture has changed in 79 years; now, the destiny must be transformed
जिलाधिकारी कार्यालय को तिरंगे के कलर के लाइट से सजाया गया
- सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक ने बदली जिले की तस्वीर लेकिन रोजगार, बाढ़, उद्योग और पर्यटन की राह में अब भी कई सवाल
विज्ञापन

- तीन पीढ़ियों की नजर से बदलाव की कहानी, अगले 10 साल के लिए लोगों की प्राथमिकताएं भी सामने आई
सिद्धार्थनगर। 1947 में जिस इलाके में बेहतर इलाज के लिए लोगों को दूर जाना पड़ता था। उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था और अधिकतर परिवारों की जिंदगी खेती के इर्द-गिर्द घूमती थी, 79 साल में उस सिद्धार्थनगर की तस्वीर बदली है। आज विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, बेहतर सड़कें, रेलवे कनेक्टिविटी और डिजिटल सुविधाओं तक लोगों की पहुंच है।
गांवों से लेकर कस्बों तक सुविधाओं का दायरा बढ़ा है और नई पीढ़ी के सामने अवसरों की संख्या भी बढ़ी है लेकिन बदलाव की यह कहानी पूरी नहीं है। रोजगार के लिए युवाओं का पलायन, राप्ती और बूढ़ी राप्ती की बाढ़, विशेषज्ञ चिकित्सा की जरूरत, स्थानीय उद्योगों की कमी और पर्यटन की सीमित संभावनाएं अब भी जिले के सामने बड़े सवाल हैं।
विज्ञापन

सेवानिवृत्त शिक्षाविद् नरसिंह त्रिपाठी कहते हैं कि 79 साल की कहानी में सिद्धार्थनगर ने लंबा सफर तय किया है। अब चुनौती यह है कि अगले 10 साल का विकास ऐसा हो, जिसमें जिले की युवा आबादी को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े। किसान को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिले। बाढ़ से गांव सुरक्षित हों और बुद्ध की धरती पर आने वाला पर्यटक यहां ठहरे भी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत भी करे।
विज्ञापन
विज्ञापन

--------------
तीन पीढ़ियों की आंखों से देखा बदलाव
- सौ वर्ष से अधिक उम्र की राजदेई कहती हैं कि कुछ दशक पहले गांव से बाजार तक पहुंचना भी आसान नहीं था। कच्ची सड़कें, सीमित परिवहन और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण छोटी बीमारी में भी मरीजों को दूसरे शहर ले जाना पड़ता था। पढ़ाई की सुविधा भी सीमित थी। प्राथमिक और जूनियर स्तर के बाद बच्चों को आगे की शिक्षा के लिए बाहर जाना पड़ता था। आज तस्वीर बदली है।
गांवों को जोड़ने के लिए पक्की सड़कें बनी हैं। मोबाइल और इंटरनेट ने सूचना को घर-घर पहुंचा दिया है। बैंकिंग और सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए लोगों को पहले की तरह लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ती। ऑनलाइन भुगतान से बाजार का तरीका बदला है। खेती में ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और आधुनिक कृषि उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ा है।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव आया है। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की स्थापना 2015 में हुई। इससे जिले के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए स्थानीय स्तर पर बड़ा विकल्प मिला। वहीं माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद जिले में चिकित्सा शिक्षा और इलाज की सुविधा का दायरा बढ़ा है।
-----------------
सुविधा बढ़ी, मगर रोजगार की तलाश जारी
- व्यवसायी अनूप छापड़िया कहते हैं कि शिक्षा और तकनीक के विस्तार के बावजूद जिले के युवाओं का बड़ा सवाल रोजगार है। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय और अन्य शिक्षण संस्थानों से हर वर्ष युवा निकल रहे हैं लेकिन स्थानीय स्तर पर उनके अनुरूप रोजगार के अवसर सीमित हैं। बड़ी संख्या में युवा गोरखपुर, लखनऊ, दिल्ली, नोएडा, मुंबई और अन्य शहरों का रुख करते हैं।
युवा कहते हैं कि जिले में उद्योगों का विस्तार हो तो रोजगार के लिए बाहर जाने की मजबूरी कम हो सकती है। स्थानीय स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित उद्योग, चावल, कालानमक और सीमाई व्यापार से जुड़े कारोबार को बढ़ावा देने की जरूरत है। जिले में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को भी इसी उम्मीद से देखा जा रहा है।
----------------
कालानमक ने बदली खेती की तस्वीर, बाजार अभी चुनौती
- सिद्धार्थनगर की पहचान कालानमक चावल से भी जुड़ रही है। कभी लगातार घटता जा रहा कालानमक धान अब दोबारा किसानों की पसंद बन रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार 2024 में करीब 18 हजार हेक्टेयर में कालानमक की खेती हुई और करीब 23 हजार किसान इससे जुड़े थे।
कालानमक को ओडीओपी और जीआई पहचान मिलने के बाद इसकी ब्रांडिंग बढ़ी है। किसानों के लिए यह नई संभावना है लेकिन उत्पादन के साथ बाजार और उचित मूल्य अब भी बड़ा सवाल है। किसानों का कहना है कि यदि स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन की व्यवस्था मजबूत हो तो उन्हें अधिक लाभ मिल सकता है।
-----------------
बाढ़ के सामने विकास की परीक्षा
- सड़क और दूसरी सुविधाओं का विस्तार हुआ लेकिन हर साल आने वाली बाढ़ जिले के विकास की परीक्षा लेती है। राप्ती समेत कई नदियों के बढ़ते जलस्तर से खेत और गांव प्रभावित होते हैं। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार 2023-24 में जिले में बाढ़ से 51,383 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई थी।
बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों का कहना है कि राहत और बचाव के साथ स्थायी समाधान पर भी काम होना चाहिए। तटबंधों की मजबूती, जलनिकासी, पुल-पुलिया और संवेदनशील गांवों के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है। ग्रामीणों के लिए सवाल सिर्फ बाढ़ आने पर राहत का नहीं बल्कि हर साल होने वाले नुकसान को रोकने का है।
-----------
मेडिकल कॉलेज आया, विशेषज्ञ इलाज की उम्मीद बढ़ी
- स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज का आना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब गंभीर मरीजों को पहले की तुलना में स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार की सुविधा मिल रही है। इसके बावजूद कुछ गंभीर बीमारियों और विशेषज्ञ उपचार के लिए मरीजों को गोरखपुर या लखनऊ भेजने की स्थिति सामने आती है।
लोगों की अगली मांग सिर्फ अस्पताल की इमारत नहीं बल्कि पर्याप्त विशेषज्ञ डॉक्टर, जांच सुविधाएं, दवाएं, आईसीयू और आपातकालीन सेवाओं की निरंतर उपलब्धता है। यानी आने वाले वर्षों में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की कसौटी यह होगी कि कितने मरीजों को इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत पड़ती है।
------------------
बुद्ध की धरती लेकिन पर्यटन का इंतजार
- सिद्धार्थनगर की पहचान भगवान बुद्ध से जुड़े कपिलवस्तु क्षेत्र और पिपरहवा जैसे ऐतिहासिक स्थलों से है। इसके अलावा भारतभारी, योगमाया मंदिर और बाणगंगा जैसे स्थल भी पर्यटन की संभावनाएं रखते हैं। नेपाल की सीमा से जुड़ाव इस संभावना को और बढ़ाता है लेकिन पर्यटन को स्थानीय रोजगार से जोड़ना अभी बाकी है। पर्यटक स्थल तक पहुंचने के बाद उन्हें ठहरने, स्थानीय परिवहन, गाइड, खानपान और खरीदारी की बेहतर सुविधाएं मिलें तो पर्यटन का सीधा लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंच सकता है। पिपरहवा के आसपास के दुकानदारों और युवाओं का कहना है कि पर्यटकों का ठहराव बढ़े तो स्थानीय कारोबार को नई गति मिल सकती है।
---------
सीमा : चुनौती भी, अवसर भी
- नेपाल सीमा से जुड़ा जिला होने के कारण सिद्धार्थनगर के सामने एक साथ दो तस्वीरें हैं। सीमा सुरक्षा और तस्करी रोकना चुनौती है। वहीं वैध व्यापार, पर्यटन और सीमा बाजार बड़े अवसर हैं। बढ़नी जैसे क्षेत्रों में व्यापार को बेहतर सुविधाएं मिलने से स्थानीय कारोबार और रोजगार को गति दी जा सकती है।
---------------
लोगों की पांच बड़ी प्राथमिकताएं
1. रोजगार और उद्योग : युवाओं को जिले में ही नौकरी और कारोबार के अवसर।
2. स्वास्थ्य : मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ उपचार और आधुनिक जांच सुविधाओं का विस्तार।
3. बाढ़ से स्थायी समाधान : तटबंध, जलनिकासी और बाढ़ प्रभावित गांवों की सुरक्षा।
4. परिवहन : बेहतर सड़क, रेल और सीमाई कनेक्टिविटी।
5. पर्यटन : कपिलवस्तु-पिपरहवा समेत ऐतिहासिक स्थलों को स्थानीय रोजगार से जोड़ना।
------------------
सिद्धार्थनगर अब पिछड़े जिले की पहचान से आगे निकलकर संभावनाओं वाले जिले के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रेल के क्षेत्र में हुए विकास से नई पीढ़ी के लिए अवसर बढ़े हैं। कालानमक चावल, बौद्ध पर्यटन और नेपाल सीमा की वजह से जिले में आर्थिक विकास की बड़ी संभावनाएं हैं। आने वाले दशक में इन क्षेत्रों को रोजगार से जोड़कर सिद्धार्थनगर को नई पहचान दिलाने का प्रयास रहेगा।

- जगदंबिका पाल, सांसद
--------------
पिछले वर्षों में सिद्धार्थनगर ने विकास के कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कनेक्टिविटी की सुविधाएं लगातार बेहतर हुई हैं। अब जिले की विकास यात्रा को नई गति देने के लिए रोजगार, उद्योग, कृषि, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले वर्षों में सिद्धार्थनगर को सुविधाओं और संभावनाओं के लिहाज से और मजबूत बनाने की दिशा में काम जारी रहेगा।
- शिवशरप्पा जीएन, डीएम
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed