सोनभद्र। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में इसका लाइव प्रसारण आयोजित हुआ। यहां सांकेतिक रूप से शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कैशलेस हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। योजना से जिले के करीब 10 हजार शिक्षक, कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम में डीएम चर्चित गौड़ ने शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रमाण-पत्र एवं कैशलेस हेल्थ कार्ड वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूत करेगी। लाइव प्रसारण के दौरान बताया गया कि प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। साथ ही 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र-छात्रा 1200 रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू करने की जानकारी दी गई। कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम के दौरान डीआईओएस जयराम सिंह, बीएसए मुकुल आनंद पांडेय, समाज कल्याण राज्य मंत्री के प्रतिनिधि संजीव कुमार तिवारी आदि उपस्थित रहे।