घोरावल। गुप्तकाशी शिवद्वार में सावन मास के पहले सोमवार को उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीसीटीवी कैमरे और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दर्शन पूजन होगा। वहीं मंदिर कमेटी और पुजारियों की ओर से दर्शन पूजन के लिए सारे इंतजाम मुकम्मल कर लिए गए हैं। शनिवार को शिवद्वार मंदिर पर पहुंचे एसडीएम विशाल कुमार, नायब तहसीलदार विदित त्रिपाठी, सीओ राजेश कुमार राय, प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया। मुख्य पुजारी सुरेश गिरि, अजय गिरि, शिवराज गिरि, सतीश गिरि, अरविंद गिरि, मंदिर कमेटी के संजय मोदनवाल के नेतृत्व में शिवद्वार मंदिर कमेटी ने श्रीउमामहेश्वर मंदिर समेत परिसर में बने सभी मंदिरों की सजावट की है। पुजारी अजय गिरि ने बताया कि सोमवार भोर में साढ़े तीन बजे मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट जलाभिषेक और दर्शन पूजन के लिए खोल दिए जाएंगे। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर में और आस पास एवं कांवड़ यात्रा रूट पर पर्याप्त पुलिस, पीएसी, महिला पुलिस के अलावा सादे वर्दी में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंदिर के आस पास और मुख्य स्थानों पर 24 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। श्रावण मेला के संपूर्ण क्षेत्र को 4 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक में सीओ निगरानी करेंगे। मेला को 12 सेक्टर में बांटा गया है, जिसमें करीब 35 इंस्पेक्टर और एसआई रैंक के पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा शिवद्वार दर्शन पूजन के लिए 7 बैरियर बनाए गए हैं, जिसकी सुरक्षा घेरा से होकर लोगों को जाना होगा। करीब 400 पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।