बभनी। थानाक्षेत्र के असनहर और सतबहनी गांव में बुधवार की रात चोरी की अलग-अलग घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। चोरों ने असनहर में दो घरों से लोहे के औजार और घरेलू सामान चोरी कर लिया। वहीं सतबहनी गांव से बाइक उड़ा दी। एक अन्य घर से सामान ले जाते समय परिजनों के पहुंचने पर चोर सामान छोड़कर भाग निकले। पीड़ितों ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। असनहर निवासी देव किसुन के घर से चोर चार लोहे के सब्बल और एक हथौड़ा उठा ले गए। इसके बाद बिपिन बिहारी के घर को निशाना बनाया। वहां से एक साइकिल, चार कुर्सियां, एक पतेली, एक टंकी, चार गमले, एक गिलास, दो कटोरे, दो सब्बल और एक बैग चोरी कर लिया। बताया गया कि चोरों ने घर के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया था, ताकि अंदर मौजूद लोग बाहर न निकल सकें। उधर, सतबहनी निवासी राजेंद्र गुप्ता की बाइक चोरी हो गई। असनहर निवासी आशा गुप्ता के घर से चोर लूना, साइकिल, लोहे का फार्मा और प्लास्टिक की पाइप ले जा रहे थे। इसी दौरान परिजन पहुंच गए। उन्हें आता देख चोर सामान छोड़कर भाग निकले। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीण अपने घरों और सामान की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पीड़ितों ने थाने में सूचना दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष अतुल सिंह ने बताया कि चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।