उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ की नगवां इकाई ने बकाया मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को ब्लॉक मुख्यालय पर अनूठा प्रदर्शन किया। राम नाम संकीर्तन और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए मानदेय दिलाने की मांग की। संघ के प्रदेश सचिव प्रभात सिंह चंदेल और विंध्याचल मंडल प्रभारी सुरेश के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में रोजगार सेवकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। रोजगार सेवकों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 सहित पूर्व वर्षों के बकाया मानदेय का भुगतान, ईपीएफ की लंबित धनराशि को यूएएन खातों में स्थानांतरित करने, डिजिटल कार्यों के लिए मोबाइल या टैब और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने, एमआईएस एवं डाटा फीडिंग के लिए आईडी-पासवर्ड जारी करने और पंचायत भवनों में बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई। बाद में कार्यक्रम अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी अनिल सिंह को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। प्रदेश सचिव प्रभात सिंह चंदेल ने कहा कि मानदेय भुगतान में हो रही देरी के कारण ग्राम रोजगार सेवक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार नई जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं, लेकिन बकाया भुगतान पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मंडल प्रभारी सुरेश और जिला मंत्री रोहित यादव ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई रोजगार सेवकों की स्थिति गंभीर हो गई है। प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष श्याम बिहारी चौबे, सतीश चौबे, उमेश कुमार, सुलेंद्र कुमार, श्याम मोहन पांडेय, प्रेमचंद्र गौतम, रामानंद, बाबूलाल, रामसजीवन, विनोद कुमार, सूरज प्रसाद, जुनैद अंसारी आदि मौजूद रहे।