केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून तक जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसकी तैयारियों की बृहस्पतिवार को प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के मंत्री और जिले के प्रभारी हंसराज विश्वकर्मा ने की। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उन्होंने अधिकारियों को अभियान के तहत विकास प्रदर्शनी, लाभार्थी संपर्क, स्वच्छता, पौधरोपण और जागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित किया। उन्होंने कहा कि इन उपकरणों के माध्यम से पोषण ट्रैकर और प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना जैसे एप का प्रभावी संचालन होगा। लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंच सकेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जनपद को 2099 स्मार्ट मोबाइल फोन प्राप्त हुए हैं, जिनका वितरण सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मुख्य सेविकाओं को चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि अभियान को जिले में प्रभावी ढंग से संचालित कर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।

कलेक्ट्रेट सभागार में आंगनबाडी कार्यकत्री को स्मार्ट फोन वितरण करते जिले के प्रभारी मंत्री हंसर