अग्निपथ योजना को निरस्त करने की मांग को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष कुलदीप अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष कुलदीप अग्रवाल ने कहा कि भारतीय सेना में चार साल के लिए सैनिकों की भर्ती के लिए लाई गई अग्निपथ योजना से देश की जनता आक्रोशित है। नई योजना में सैनिकों की भर्ती वास्तव में सैन्य भर्ती न होकर एक सिक्योरिटी गार्ड ट्रेनिंग सेंटर होकर रह जाएगी। चार साल तक सेना में रहने के बाद युवा या तो किसी प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करेगा या फिर बेरोजगारी की मार से आत्महत्या करने को मजबूर होगा। पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि सरकार ने यह कदम जान बूझकर देश के युवाओं के भविष्य को प्राइवेट कंपनीयों के हाथों में देने के लिए उठाया है। रमेश गौतम, सुजीत रॉय, देवेंद्र बाल्मीकि, रवींद्र बाल्मीकि, राजकुमार मौर्य, शंभूनाथ, राम नरेश पटेल, दिनेश पटेल, अनवर अली, वशिष्ठ पनिका, प्रेमनाथ, दुर्गा देवी, ललित पटेल, कमला प्रसाद, अनवर अली, उदय नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।