भारत सरकार के खेती बचाओ अभियान के अंतर्गत चोपन ब्लॉक के अदलगंज गांव में शुक्रवार को किसान सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक खेती, पशुपालन, उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई। सभा के मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. संजीत राव, डॉ. अवधेश सिंह, ग्राम प्रधान, एडीओ कृषि पंकज यादव, एटीएम भुवनेश्वर और पीपीओ नारायण उपस्थित रहे। सभा का संचालन करते हुए एडीओ कृषि पंकज यादव ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. संजीत राव ने किसानों से जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया और कहा कि किसान सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। डॉ. अवधेश सिंह ने पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों, उनके लक्षण और बचाव के उपाय बताए। वहीं पीपीओ नारायण ने खेती में रसायनों के महत्व और उनके संतुलित उपयोग पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में आरोह फाउंडेशन के एफसी नीतीश नितेश सिंह और नीरज पांडेय ने किसानों को बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपाय और नाबार्ड से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इफको फर्टिलाइजर के एसएफए अवनीश कुमार पांडेय ने जैविक खेती में उपयोगी उत्पादों जैसे नेचुरल पोटाश, सागरिका और एनपीके क्लासिकल के बारे में जानकारी दी। सभा का समापन ग्राम प्रधान द्वारा सभी अतिथियों और किसानों का आभार व्यक्त कर किया गया।