सोनभद्र। भाई-बहन के बीच अटूट स्नेह-प्यार का पर्व रक्षाबंधन को और भी खास बनाने के लिए डाक विभाग ने एक अनूठी पहल की है। विभाग ने विशेष वाटर प्रूफ राखी लिफाफा जारी किया है, जिसकी कीमत 10 रुपये है। इस लिफाफे में राखी भेजने पर न केवल वह सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंचेगी, बल्कि डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट का लाभ भी मिलेगा। रॉबर्ट्सगंज स्थित प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर एसके दयाल ने बताया कि सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक राखी की बुकिंग की जा रही है। इस समय प्रतिदिन औसतन 50 से 60 राखियों की बुकिंग लोग करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर डाक विभाग की तरफ से विशेष लिफाफा बहनों को अपने भाइयों तक समय पर राखी पहुंचाने के लिए जारी किया गया है। 10 रुपये के लिफाफे की खास बात यह है कि यह सेवा छुट्टियों के दिनों में भी जारी रहेगी, जिससे समय पर डिलीवरी सुनिश्चित होगी। डाक विभाग का दावा है कि डाक विभाग या सामान्य लिफाफे में भेजी गई बहनों की राखी स्पीड पोस्ट की तरह तेजी से भाइयों तक पहुंचाई जा रही है। रॉबर्ट्सगंज प्रधान डाकघर के साथ ही जिले में संचालित सभी पोस्ट ऑफिस में रक्षाबंधन पर स्पेशल लिफाफा पहुंच गया है। बहनें 10 रुपये के लिफाफे में राखी भेज सकती हैं। डाक विभाग के राखी लिफाफे में राखी भेजने पर विभाग की तरफ से 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। उदाहरण के तौर पर, रॉबर्ट्सगंज से वाराणसी तक 50 ग्राम से कम वजन का लिफाफा भेजने पर सामान्यतः 55 रुपये लगते हैं। मगर रक्षाबंधन पर डाक विभाग के राखी लिफाफे में राखी भेजने पर इस राशि में 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। हालांकि, विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि लोग अपने सामान्य लिफाफों में भी राखी भेज सकते हैं, बशर्ते उस पर राखी अवश्य लिखा हो। इससे समय पर डिलीवरी करने में मदद मिलेगी।

रक्षाबंधन पर डाक से राखी भेजने के लिए रॉबर्ट्सगंज प्रधान डाकघर में लगी भीड़। संवाद