सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में रविवार को सद्गुरु रविदास कथा का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सपरिवार पहुंचकर गुरु रविदास की वाणी का श्रवण किया। कथा के माध्यम से मानवता, समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। मुख्य कथावाचक आचार्य महंत भारत भूषण दास जी महाराज ने सद्गुरु रविदास के जीवन और विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सद्गुरु रविदास ने मानवता को सर्वोपरि रखते हुए समाज में व्याप्त भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना को समाप्त करने का संदेश दिया। उनकी वाणी आज भी समाज को प्रेम, एकता और सद्भाव की राह दिखाती है। कथा में गुरु रविदास की वाणी एकै माटी के सभ भांडे, सभ को एको सिरजनहारा... का उल्लेख करते हुए कहा गया कि सभी मनुष्य एक ही सृष्टिकर्ता की रचना हैं। इसलिए जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता को महत्व देना चाहिए। उनकी शिक्षाओं को जीवन में अपनाने से समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना मजबूत होगी। आयोजकों ने गुरु प्रेमियों से सद्गुरु रविदास के विचारों को जीवन में उतारकर सामाजिक समरसता बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम की आयोजक नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रूबी प्रसाद रहीं। डॉ. योगेश्वर प्रसाद और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हीरालाल सायन सह संयोजक, रामधारी संयोजक रहे। इस मौके पर सदर विधायक भूपेश चौबे, अरुण कुमार सिंह, विनोद जालान, अनवर अली, पुष्पा सिंह, प्रमिला त्रिपाठी, राकेश भारती, डॉ. दिनेश कुमार भारती, हीरावती देवी, भैयालाल कन्नौजिया आदि मौजूद रहे।