आजमगढ़: दो दिसंबर को बजनी थी शहनाई, उससे पहले घर में छाया मातम; घर से 500 मीटर दूर पेड़ पर लटकी मिली लाश
जिले के कप्तानगंज क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी 22 वर्षीय नीरज निषाद का शव रविवार भोर घर से 500 मीटर दूर आम के पेड़ से लटका मिला। शनिवार शाम खाना खाने के बाद वह घर से निकला था। दो दिसंबर को उसकी शादी होनी थी। मां और बड़े भाई की मौत के बाद परिवार पर एक और दुख टूट पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कप्तानगंज के हसनपुर गांव में रविवार भोर 22 वर्षीय युवक का शव घर से करीब 500 मीटर दूर आम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नीरज निषाद पुत्र सूबेदार निषाद के रूप में हुई। उसकी आगामी दो दिसंबर को शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियों के बीच युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार नीरज शनिवार शाम खाना खाने के बाद घर से बाहर निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। देर रात उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। कई स्थानों पर खोजबीन के बाद रविवार भोर करीब ढाई बजे घर से लगभग 500 मीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में आम के पेड़ से नीरज का शव लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
परिवार पहले भी झेल चुका है बड़ा दुख
नीरज चार भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर का था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि वर्ष 2017 में नीरज के बड़े भाई की हत्या कर दी गई थी। अब जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिजनों के मुताबिक नीरज की शादी रौनापार थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी रामबृक्ष की पुत्री से दो दिसंबर को तय थी। शादी को लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं और परिजन आने वाले खुशियों के दिन का इंतजार कर रहे थे। लेकिन शादी से पहले ही नीरज की मौत ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
नीरज की मौत की खबर फैलते ही गांव में भी मातम छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण उसके घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। जिस घर में कुछ समय बाद शादी की शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अब रोने-बिलखने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।