Varanasi News: दिल्ली से वाराणसी 3:50 घंटे, 2:55 घंटे में पूरा होगा सिलीगुड़ी तक का सफर; जानें खासियत
Varanasi News: सोमवार को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऑनलाइन प्रेस काॅन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आशीष जैन ने इस दौरान कहा कि दोनों रूटों पर बुलेट ट्रेन चलने से सफर आसान हो जाएगा।
विस्तार
बजट में वाराणसी से दिल्ली और सिलीगुड़ी तक हाईस्पीड रेल कॉरिडोर में बुलेट ट्रेन दौड़ती नजर आएगी। इसमें दिल्ली से वाराणसी तक 3 घंटे 50 मिनट जबकि वाराणसी से पटना होते हुए सिलीगुड़ी तक का सफर 2 घंटे 55 मिनट में पूरा होगा।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में ऑनलाइन प्रेस काॅन्फ्रेंस में रेलमंत्री ने कहा कि यूपी में 157 अमृत भारत स्टेशन का नवनिर्माण हुआ है। यात्रियों की सुविधा के लिए वंदेभारत और अमृत भारत ट्रेनों के संचालन की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। बुलेट ट्रेन चलाने के लिए डीपीआर और एलाइनमेंट पर भी काम चल रहा है। जल्द ही इसकी जानकारी भी सामने आ जाएगी। 5-6 साल में अधिकांश काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
रेलमंत्री की प्रेस कांफ्रेंस के बाद डीआरएम आशीष जैन ने बताया कि बुलेट ट्रेन संचालन के लिए बनने वाले स्टेशनों को भी नई तकनीक के आधार डिजाइन किया जाएगा, जिससे कि ट्रेन के गुजरने के दौरान किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी। इसके अलावा इलेक्टि्रसिटी सहित अन्य सुविधाओं में भी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। वाराणसी से पटना होते हुए सिलीगुड़ी तक बुलेट ट्रेन के चलने से यूपी, बिहार, के साथ ही पश्चिम बंगाल का जुड़ाव होगा।
बनारस स्टेशन से चलेंगी तीन ट्रेनें, यात्रियों को राहत
पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आशीष जैन ने बताया कि बनारस रेलवे स्टेशन से बहुत जल्द ही तीन और ट्रेनों का संचालन शुरू होने वाला है। ये ट्रेनें अभी उत्तर रेलवे के वाराणसी रेलवे स्टेशन से संचालित हो रही हैं। डीआरएम ने कहा कि इन तीनों ट्रेनों के शिफ्ट होने के बाद बनारस से राजगीर, बनारस से गांधीधाम गुजरात और बनारस से मुंबई तक का सफर आसान हो जाएगा। इसके अलावा बनारस रेलवे स्टेशन पर एक नई रेल लाइन भी बिछाई जाएगी, जिससे कि अधिक से अधिक ट्रेनों के संचालन में कोई असुविधा न हो। यहां फुटओवर ब्रिज बनाने की दिशा में भी कार्रवाई चल रही है।
