वाराणसी: प्रधानमंत्री मोदी पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाएंगे जेन-जी, 8 स्थानों पर स्वागत; शंखनाद और डमरू वादन
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर जेन-जी युवा गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत करेंगे। शहर में आठ स्थानों पर स्वागत की तैयारी की गई है। कार्यक्रम को लेकर युवाओं में उत्साह है। प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान स्वागत स्थलों पर विशेष व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन और आयोजक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
विस्तार
प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेंद्र मोदी के 25 अक्तूबर को आगमन को लेकर भाजपा ने स्वागत की तैयारियां तेज कर दी हैं। गुलाबबाग महानगर कार्यालय में हुई बैठक में राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल ने कार्यकर्ताओं से जेन-जी को भी प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए लाने का आह्वान किया।
पुलिस लाइन से नमो घाट तक आठ प्रमुख स्थानों पर प्रधानमंत्री का शंखनाद, डमरू वादन, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच अभिनंदन किया जाएगा। नमो घाट पर प्रधानमंत्री वायुसेना के विंग्स ओवर गंगा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय मंत्री जगदीश पटेल ने कहा कि काशीवासियों के लिए यह गर्व का अवसर है कि काशी के सांसद नरेंद्र मोदी हैं।
तैयारियां पूरी
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत में संगठन के सभी पदाधिकारी अपने साथ जेन-जी को भी शामिल करें। काशी क्षेत्र के प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि पूरे नगर को सजाया जा रहा है। पुलिस लाइन में उतरने के बाद सबसे पहले मातृ शक्ति उनका स्वागत करेगी। पुलिस लाइन से नमो घाट तक आठ प्रमुख स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई है। यहां शंखनाद, डमरू वादन, ढोल-नगाड़ों की गूंज और पुष्पवर्षा के बीच प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया जाएगा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि काशी की आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक गौरव और जनभागीदारी को प्रदर्शित करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बैठक में मंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, एमएलसी अश्वनी त्यागी, विधायक नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, मीडिया संयोजक प्रमील पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।