सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Accidents five people dead hearing in Gyanvapi case on 9 October

Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...पांच की मौत, ज्ञानवापी केस में नौ अक्तूबर को सुनवाई; पढ़ें खबरें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Tue, 07 Oct 2025 06:12 AM IST
विज्ञापन
सार

Varanasi News: वाराणसी में विभिन्न हादसों में पाच लोगों ने अपनी जान गंवा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, वाराणसी अदालत में ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के पुराने मुकदमे में सुनवाई हुई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

Varanasi News Today Accidents five people dead hearing in Gyanvapi case on 9 October
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

Varanasi News in Hindi: मिर्जामुराद के खजुरी में हाईवे के ओवरब्रिज पर सोमवार शाम खड़ी ट्रेलर में टकराकर स्कूटी सवार आशीष जायसवाल (22) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मिर्जापुर के कछवा बाजार कल्याणपुर निवासी आशीष जायसवाल अपने एक साथी को खजूरी छोड़कर घर लौट रहा था। 

Trending Videos


ओवरब्रिज पर खड़े ट्रेलर में स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर टकरा गया। घायल आशीष को पुलिस ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि दो भाई और एक बहन में आशीष दूसरे नंबर पर था। एक मिठाई की दुकान पर काम करता था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

सीवर की टंकी में डूबने से ठेकेदार की मौत, दो दिन से था लापता
रोहनिया के मड़ाव के अशर्फी नगर में अर्द्धनिर्मित मकान की सीवर की टंकी में लापता ठेकेदार मोहन मंडल (48) का शव सोमवार सुबह उतराया मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दो दिन पहले भाई ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बिहार के गया के डंगरा गोपाल केड़ा निवासी मोहन मंडल शहर में मकान निर्माण का ठेका लेकर काम कराते थए। अर्शफी नगर फेज-वन में विकास कुमार का मकान का ठेका लिया था। 

मोहन मंडल के भाई सुनील मंडल ने पुलिस को बताया कि दो दिन से वह लापता थे। आशंका हुई कि कहीं काम के सिलसिले में गए होंगे। सुबह सूचना मिली कि अर्द्धनिर्मित मकान के सीवर टैंक में शव मिला है। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि टैंक में डूबने से ठेकेदार की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

कुएं की जहरीली गैस से शख्स की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव में कुएं में गिरी बछिया को निकालते समय जहरीली गैस से भैया लाल (45) की रविवार को मौत हो गई। एनडीआरएफ और पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि जहरीली गैस के चलते मौत हुई है। 

ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दुकानदार की मौत
सिंधौरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गेट के पास रविवार रात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार मोबाइल विक्रेता शिवा राजभर (30) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कस्बा बाजार में राजभर बस्ती निवासी शिवा राजभर की सिंधोरा चौराहे पर मोबाइल की दुकान है। रात में दुकान बंदकर वह बाइक से घर लौट रहे थे। 

बसंतपुर गेट के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवा को मृत घोषित कर दिया। शिवा को 6 साल की बेटी और 2 साल का एक बेटा है। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि भाई अनिल की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर समेत भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है। 

छात्र की खुदकुशी से सदमे में परिवार
सारनाथ के अकथा के अशोक इंस्टीट्यूट के छात्र कुंदन की खुदकुशी से परिवार सदमे में है। सोमवार को पहुंचे पिता समेत अन्य परिजन कुंदन का शव देखते ही बेसुध हो गए। विशुनपुरा गांव थाना कुटुंबा औरंगाबाद बिहार निवासी पिता हरिओम ने पुलिस को बताया कि कुंदन का ऑपरेशन थियेटर के चार वर्षीय कोर्स के लिए दो साल पहले दाखिला कराया था। उसके तीन बड़े भाई भी उसे पैसे भेजते थे कि भाई कुछ अच्छा करेगा। 

पिता हरिओम व चाचा सत्यदेव प्रजापति सहित परिवार के 5 सदस्य पहुंचे। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 4 अक्तूबर को कुंदन वाराणसी आया था। कुंदन व उसका सहपाठी प्रयागराज का आकाश यादव, अकथा में लालता प्रसाद मौर्य के मकान में एक साथ रहते थे। आकाश दशहरा की छुट्टी में घर गया था। चार भाइयों में सबसे छोटा था। दो बहनें भी हैं। उसका मोबाइल लॉक है। लॉक खुलने पर जांच की जाएगी। 

Varanasi News Today Accidents five people dead hearing in Gyanvapi case on 9 October
वाराणसी कोर्ट - फोटो : Amar Ujala

ज्ञानवापी मामले में अब नौ अक्तूबर को सुनवाई
सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्टट्रैक भावना भारती की अदालत में सोमवार को ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के पुराने मुकदमे में सुनवाई हुई। इस मामले में वादी रहे मृतक हरिहर पांडेय की बेटियों की ओर से दाखिल पक्षकार बनने संबंधित वाद में संशोधन की अर्जी पर बहस हुई। इसके बाद अदालत ने सुनवाई की अगली तिथि नौ अक्तूबर तय कर दी।

पिछले तिथियों पर अदालत ने मामले के वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी को उक्त पद से और मुकदमे से हटाने के आदेश में संशोधन के लिए दाखिल प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया था। साथ ही पक्षकार बनने संबंधित लंबित वाद पर सुनवाई के लिए सोमवार की तिथि नियत की थी।

करधना कंपोजिट विद्यालय में चोरी, तोड़फोड़ की
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के करधना गांव के कंपोजिट विद्यालय में चोरी हो गई। शरारती तत्वों ने स्कूल के क्लासरूम में तोड़फोड़ की। तीन दिन अवकाश के दौरान घटना हुई। सोमवार सुबह प्रधानाध्यापक संतोष सिंह ने थाने में तहरीर दी। पुलिस को बताया कि शरारती तत्वों ने खेल कक्ष से बैट, बॉल, रस्सी सहित कई खेल सामग्री की चोरी की है। एस्ट्रोनॉमी लैब का ताला तोड़कर महंगे उपकरण उठा ले गए और टेलीस्कोप को भी तोड़ दिया। एलईडी टीवी और स्मार्ट क्लास के स्पीकर भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 

मेडिकल स्टोर संचालक को मिली हत्या की धमकी
बड़ागांव थाना क्षेत्र के धनेसरी हरहुआं गांव निवासी मेडिकल स्टोर संचालक राकेश गुप्ता को अज्ञात ने फोन पर गाली दी। साथ ही अपहरण और जान से मारने की धमकी दी है। व्यापारी ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। 

पीड़ित राकेश गुप्ता ने पुलिस को बताया कि एक और दो अक्तूबर को व्हाट्सएप पर गालीगलौज की गई। बाबतपुर आने की धमकी दी। 2 अक्तूबर की सुबह फोन कर दोबारा बाबतपुर नहीं आने पर अपहरण कर हत्या की धमकी दी। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि मोबाइल नंबर को ट्रेस किया गया तो वह किसी अधिवक्ता का निकला और पूरे प्रकरण को कोर्ट में ले जाने की बात कही है। केस दर्ज किया गया है। 

दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, जेल
युवती से दुष्कर्म के आरोपी सोनू पटेल को पुलिस ने मुनारी बाजार से सोमवार को गिरफ्तार किया। आरोपी बड़ागांव थाना क्षेत्र के पुआरी कलां का निवासी है। थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि 25 अप्रैल को दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था। 

शराब की दुकान में चोरी
बड़ागांव के कोइराजपुर की शराब की दुकान में 2 अक्तूबर को चोरी करने के दो बाल अपचारी को पुलिस ने सोमवार को रामेश्वर पंचक्रोशी मार्ग से पकड़ा। दोनों के पास से 18 केन बीयर, दो शीशी शराब और तीन हजार नकद मिले। दुकान मालिक विनीत जायसवाल ने केस दर्ज कराया था। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दोनों को बाल सुधार गृह भेजा गया। 

ससुर ने दामाद को पीटा, मुकदमा दर्ज
सिंधौरा थाना क्षेत्र मझवा के मकान में ससुर ने दामाद रामजतन पाल उर्फ नखडू को पीट दिया। पीड़ित दामाद ने ससुर जयप्रकाश पाल, वैभव के खिलाफ रविवार रात केस दर्ज कराया। घटना 27 सितंबर की है। सहमलपुर गांव निवासी नखडू ने पुलिस को बताया कि 27 सितंबर रात 8 बजे बजरंग नगर से मझवा वाले मकान पर पहुंचा। पत्नी सुमन देवी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। रात 10.30 बजे ससुर जयप्रकाश पाल, वैभव नामक युवक पहुंचा और पिटाई की। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। 

किशोरी लापता, मुकदमा दर्ज
सिंधोरा थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी लापता है। पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री शुक्रवार सुबह से लापता है। स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन घर नहीं लौटी है। थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे और अन्य माध्यमों से खोजबीन की जा रही है।

नाम बदलकर जमीन की धोखाधड़ी में महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
कूटरचित दस्तावेज से जमीन का सट्टा कराने के आरोपी जितेंद्र कुमार पटेल और महिला मुन्नी देवी को पुलिस ने करनाडाडी से गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र निवासी करनाडाडी और धनपालपुर निवासी मुन्नी देवी है। धनपालपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद की पत्नी मुन्नी देवी ने पुलिस को बताया कि जमीन का कूटरचित कागजात तैयार करवाकर जितेंद्र और मुन्नी देवी ने किसी दूसरे को सट्टा कर दिया है। नाम मिलता जुलता होने के कारण सट्टा कराया।

ट्रांसपोर्ट में घुसकर ट्रांसपोर्टर समेत दो की पिटाई, तीन पर केस दर्ज
चेतगंज थाना क्षेत्र के रामपुरी कॉलोनी में ट्रांसपोर्टर उत्कर्ष प्रताप सिंह और कर्मचारी विवेक सिंह की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। चार अक्तूबर की रात पिटाई के मामले में ट्रांसपोर्टर ने केस दर्ज कराया है। कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया सरैया निवासी उत्कर्ष प्रताप सिंह ने पुलिस को बताया कि तीन लोग ट्रांसपोर्ट में जबरदस्ती घुस आए और गालीगलौज करते हुए पीटा। धमकी दी कि ट्रांसपोर्ट में आग लगा देंगे। चेतगंज इंस्पेक्टर विजयनाथ शुक्ला ने बताया कि सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। 

प्रवासी भारतीय की कार में तोड़फोड़, पिता घायल, केस
ऑस्ट्रेलिया के सिडनी लवग्राव ड्राइव निवासी प्रवासी परितोष उपाध्याय की दो अक्तूबर की रात सिगरा आईपी लाउंज के पास मनबढ़ों ने कार क्षतिग्रस्त कर दी। कार में सवार बुजुर्ग पिता को काफी चोटें आई हैं। पीड़ित ने सिगरा थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है। 

परितोष ने पुलिस को बताया कि वह एक महीने के लिए छावनी के होटल में ठहरे हैं। दो अक्तूबर को लाउंज के पास अज्ञात युवकों ने कार रुकवाई और तोड़फोड़ की। कार सवार बुजुर्ग पिता छोटेलाल उपाध्याय घायल हो गए। इस बीच गाड़ी की चाबी भी युवकों ने गायब कर दी। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरे खंगाल कर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

जन्मदिन मना रहे युवक की पिटाई, केस दर्ज
सारनाथ थाना क्षेत्र के सोनातालाब के लॉन में रविवार रात जन्मदिन की पार्टी में बादल जायसवाल की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। पंचकोशी के बादल ने पुलिस को बताया कि राजेश विश्वकर्मा, रामजी राय, बाबू यादव सहित अज्ञात युवक लॉन में घुसे और पैसे की मांग की। विरोध करने पर रॉड से हमला किया। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तीन नामजद व 10 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

हरहुआ आज चार घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
हरहुआ के कई इलाकों में आज सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। 33/11 केवी उपकेंद्र आयर से निकलने वाले सभी फीडरों के तहत उपकेंद्र के स्विच यार्ड और पैनल की मरम्मत कार्य के चलते आपूर्ति रोकी जाएगी। उपखंड अधिकारी श्रीपति तिवारी ने बताया कि औरा, सूतबलपुर, शिवरामपुर, शंभूपुर, काकलपुर फीडर सहित उदयपुर, नवापुरा, चमरहा, सिंधोरा रोड, आयर बाजार, गहनी, नकछेदपुर, हरहुआ ब्लॉक में बिजली नहीं रहेगी।

पति समेत ससुराल के सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
विवाहिता ने पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ सोमवार को थाने में दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया। जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर की प्रियंका पाल ने बताया कि रखौना निवासी पति नीरज कुमार पाल सास, ससुर, देवर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। 

बाइक सवार मनबढ़ों ने छात्र को पीटा
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भीखीपुर गांव के पास सोमवार शाम काशी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्र भास्कर शुक्ला की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। भदोही के औराई थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी भास्कर ने पुलिस को बताया कि वह बीसीए प्रथम वर्ष का छात्र है।

कॉलेज से घर जाने के लिए हाईवे पर पहुंचा, तभी चार बाइक से पहुंचे छह नकाबपोश युवकों ने हमला कर दिया। अन्य छात्रों के शोर मचाने पर हमलावर हाईवे से खजुरी चौकी की ओर भाग निकले। आक्रोशित परिजन मिर्जामुराद थाने पहुंचे और हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। 

Varanasi News Today Accidents five people dead hearing in Gyanvapi case on 9 October
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

वीडीए ने दो अवैध निर्माण किए सील
वीडीए की ओर से सोमवार को दो अवैध निर्माण सील किए गए। सारनाथ वार्ड के बलुआ रोड के वेद प्रकाश मौर्या की ओर से बिना मानचित्र स्वीकृत 250 वर्गमीटर के क्षेत्रफल में वाणिज्यिक भवन का निर्माण कराया जा रहा था। इसे सील किया गया। बलुआ रोड के तहत सुभाष राजभर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए 120 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्माण कार्य करवा रहे थे। जिसे सील किया गया। जोनल अधिकारी प्रकाश कुमार की अगुवाई में कार्रवाई की गई। 

डीएम ऑफिस, पुलिस लाइन सहित कई इलाकों में 6 घंटे गुल रहेगी बिजली
बिजली निगम की ओर से बेहतर आपूर्ति को लेकर जेपी मेहता चौराहे पर मंगलवार को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक पन्नालाल पार्क उपकेंद्र के तहत आने वाले फीडर पर काम कराया जाएगा। यहां 11 केवी आरएमयू की स्थापना कराया जाना है। इसके लिए बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। अधिशासी अभियंता कार्यालय की ओर से इसका आदेश सोमवार को जारी कर दिया गया। जिसमें बताया गया है कि सुबह 10 बजे से 4 बजे तक कमिश्नरेट,डीएम ऑफिस, पुलिस लाइन, पत्रकार पुरम, कचहरी सहित आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

शिविर में ग्रैंडमास्टर ने दी बाजी चलने की जानकारी
किंग्स शतरंज एकेडमी की ओर से जगतगंज के एक निजी स्कूल में दो दिवसीय शिविर सोमवार को प्रमाणपत्र वितरण के साथ संपन्न हो गया। इसमें करीब 145 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। ग्रैंडमास्टर हिमांशु शर्मा ने खिलाड़ियों को खेल शुरू करने और मोहरों से अटैक करने का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्होंने ओपनिंग, मिडिल और खेल समापन की जानकारी दी। इस मौके पर डॉ. श्वेता भारती, कुलदीप, रवि प्रकाश सिंह, गजेंद्र सिंह, अनुपमा मिश्रा मौजूद रहे।

49 केंद्रों पर पीसीएस प्री परीक्षा 12 अक्तूबर को, 22752 अभ्यर्थी लेंगे हिस्सा
लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 12 अक्तूबर को 49 केंद्रों पर होगी। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में 22752 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा कराने के लिए सोमवार को 1896 कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया।

जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र कुमार ने बताया कि लोक सेवा आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा में 50 फीसदी बाहरी और 50 फीसदी आंतरिक कक्ष निरीक्षक परीक्षा कराएंगे। आंतरिक कक्ष निरीक्षकों को दो स्तरीय प्रशिक्षण परीक्षा के एक सप्ताह पूर्व कराया जाएगा। इसी के अनुपालन में कक्ष निरीक्षकों को सोमवार को प्रशिक्षण दिया गया। 

इनका प्रथम प्रशिक्षण सोमवार को उदय प्रताप इंटर कॉलेज में दो पालियों में सुबह 11 बजे से 12 बजे और दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक कराया गया। प्रशिक्षण लोक सेवा आयोग के पर्यवेक्षक उप सचिव राजेश कुमार ने दिया। इस दौरान सह जिला विद्यालय निरीक्षक व कार्यालय के परीक्षा प्रभारी उपस्थित रहे।

आज होगा दीक्षांत समारोह के लिए भूमि पूजन, होगा पूर्वाभ्यास
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह से पहले मंगलवार को भूमि पूजन और पूर्वाभ्यास होगा। विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की तैयारियां अब अंतिम दौर में है। कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा के निर्देशन में विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। 

जनसंपर्क अधिकारी शशींद्र मिश्र ने बताया कि दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास सात अक्तूबर को अपराह्न तीन बजे से होगा। इसके पूर्व पूर्वाह्न 11:30 बजे विद्यापरिषद और अपराह्न 12:30 बजे कार्यपरिषद की बैठक होगी। इसके अलावा सुबह दस बजे दीक्षांत स्थल पर भूमि पूजन किया जाएगा। अपराह्न तीन बजे मुख्य भवन स्थित दीक्षांत मंडप में दीक्षांत समारोह का पूर्वाभ्यास किया जाएगा।

बाबा विश्वनाथ की नगरी में मिला सम्मान अविस्मरणीय
बनारस बार एसोसिएशन के सभागार में सोमवार को मोटरयान दुर्घटना प्रतिकर अभिकरण के न्यायाधीश अश्वनी कुमार दूबे के स्थानांतरण पर विदाई समारोह हुआ। न्यायाधीश ने दो साल के कार्यकाल में कचहरी में अधिवक्ताओं के प्रति व्यवहार और काम के प्रति उनकी निष्ठा की प्रशंसा की। सम्मान से अभिभूत होकर कहा कि सम्मान पाकर अभिभूत हूं। बाबा विश्वनाथ की नगरी में अधिवक्ताओं ने जो सम्मान दिया है वह अविस्मरणीय है। 

बनारस बार के अध्यक्ष सतीश तिवारी और महामंत्री शशांक श्रीवास्तव ने उन्हें अंगवस्त्रम, मोमेंटो और माल्यार्पण कर सम्मानित किया। संचालन बनारस बार के महामंत्री शशांक श्रीवास्तव ने किया। अध्यक्षता बनारस बार के अध्यक्ष सतीश कुमार तिवारी ने किया। इस अवसर पर प्रभारी जिला जज रविंद्र श्रीवास्तव, सेंट्रल बार के अध्यक्ष मंगलेश दूबे मौजूद रहे।

विद्यापीठ में कॉलेजों का 7 से 25 अक्तूबर के बीच होगा रजिस्ट्रेशन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के सत्र 2025-26 में स्नातक, स्नातकोत्तर, व्यवसायिक कोर्स के पहले सेमेस्टर में प्रवेश के लिए संबद्ध महाविद्यालयों का समर्थ पोर्टल पर सात से 25 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन होगा। इसमें वाराणसी के साथ ही चंदौली जिलों के कॉलेज भी शामिल हैं। प्रवेश और रजिस्ट्रेशन के लिए सभी महाविद्यालय mgkvp.samarth.ac.in लिंक पर क्लिक कर काॅलेज यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करके प्रक्रिया पूरा करेंगे। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया काशी विद्यापीठ की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।

दुर्गोत्सव समिति के भंडारे में पांच हजार ने ग्रहण किया प्रसाद
मच्छोदरी पार्क स्थित बाबा मच्छोदरानाथ दुर्गोत्सव समिति की ओर से सोमवार को भव्य भंडारा हुआ। करीब पांच हजार लोगों ने प्रसाद चखा। समिति के अध्यक्ष राजेश केशरी ने बताया कि हर साल विजयदशमी के अगले दिन यह भोग भंडारा हमारी परंपरा का हिस्सा है।

इस बार खराब मौसम से पूर्व में निर्धारित तिथि भंडारा का आयोजन स्थगित करना पड़ा था। सोमवार को भंडारे की शुरुआत संन्यासी सेवा से हुई। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती और देवी स्तुति के साथ वातावरण गूंज उठा। आयोजन अध्यक्ष राजेश केशरी, कोषाध्यक्ष अरविंद अग्रवाल एवं महामंत्री सचिन यादव की देखरेख में हुआ।

बरेका केंद्रीय विद्यालय में जलजमाव, ऑनलाइन चलेंगी कक्षाएं
बीएलडब्ल्यू के केंद्रीय विद्यालय में जलभराव हो गया है। सोमवार को विद्यालय प्रशासन ने अगले आदेश तक कक्षाएं ऑनलाइन चलाने का निर्देश जारी किया। प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कक्षाओं का संचालन ऑनलाइन मोड में होगा। अभिभावकों से सहयोग की अपील की है।

वरुणा पुल से अंधरा पुल के सोलर रूटों पर लगीं स्ट्रीट लाइटें
सोलर लाइट के रूट पर स्ट्रीट लाइटें भी लगाई गई हैं। सोलर की रोशनी स्ट्रीट लाइट से कम है। इस नाते स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। पिछले दिनों वरुणा पुल से अंधरापुल के बीच डिवाइडरों पर सोलर लाइटें लगाई गईं। पुरानी हेरिटेज लाइटों को हटा दिया गया। बाद में जब रोशनी कम हुई तो फिर सोलर रूटों पर स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई। नगर निगम की ओर से शहर में 65 हजार स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। जो बिजली से संचालित होती हैं। 

इनके अलावा नेडा की ओर से सौर ऊर्जा से संचालित स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं। अब तक सौर ऊर्जा से संचालित 275 लाइटें लगाई गई हैं। नगर निगम के अनुसार, इसके पीछे मंशा है कि बिजली गुल होने पर लोगों को पर्याप्त रोशनी मिलेगी। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। पहले चरण में वरुणा नदी से नदेसर, जेल रोड, कचहरी से आंबेडकर पार्क तक सौर ऊर्जा से संचालित स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।

संसदीय कार्यालय प्रभारी को मातृ शोक
प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय प्रभारी व संघ से लंबे समय से जुड़े शिव शरण पाठक की माता अन्नपूर्णा देवी (90) की सोमवार को मौत हो गई। अन्नपूर्णा देवी का अंतिम संस्कार हरिशचंद्र घाट पर किया गया। मुखाग्नि इकलौते पुत्र शिवशरण पाठक ने दिया है। दाह संस्कार के बाद पैतृक गांव अखैनी खरसरा बलिया चले जाएंगे। बाकी कार्यक्रम गांव से होगा। अन्नपूर्णा देवी की मौत की सूचना मिलने पर रवींद्रपुरी इलाके में उनके आवास और हरिश्चंद्र घाट पर भारतीय जनता पार्टी और संघ से जुड़े पदाधिकारी पहुंचे थे। कई लोगों ने फोन पर संवेदन प्रकट की।

दूर हो जीएसटी की विसंगतियां, व्यापारियों ने की बैठक
जीएसटी में हुए बदलावों को लेकर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सोमवार को सिद्धगिरी बाग के एक होटल में बैठक की। सभी ने जीएसटी में संशोधन का स्वागत करते हुए इसकी विसंगतियों को दूर करने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि जीएसटी की दरों में किए गए संशोधनों से स्वास्थ्य, बीमा, ऑटोमोबाइल, होटल और जीवनोपयोगी वस्तुओं की कीमतों में कमी आने से आम नागरिकों को राहत मिली है। 

आने वाले त्योहारों और विवाह के सीजन में इससे बिक्री में बढ़ोतरी होगी। हालांकि जीएसटी के नियमों को सरल और व्यावहारिक बनाना भी जरूरी है, ताकि छोटे व्यापारी आसानी से प्रणाली को समझ सकें। बैठक में इस संबंध में आठ प्रमुख सुझाव सरकार के समक्ष रखे गए। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रेम मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र गोयनका, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक जायसवाल, यूआर सिंह, गोकुल शर्मा, अनुज डिडवानिया समेत कई लोग मौजूद रहे।

एक दिन में स्तन कैंसर की 102446 जांच होने पर सीएमओ सम्मानित
जिले के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर बीते 29 सितंबर को 24 घंटे के भीतर स्तन कैंसर की 102446 जांच की गई थी। इस उपलब्धि को इंडियन बुक ऑफ रिकार्ड्स ने मान्यता देते हुए आधिकारिक प्रमाणपत्र प्रदान किया गया था। यह प्रमाण पत्र राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी को सौंपा।

इसके साथ ही शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौकाघाट एवं दुर्गाकुंड में हंस फाउंडेशन के सहयोग से संचालित डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ भी राज्यपाल ने किया। जिले के 5000 सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चियों को एचपीवी (सर्वाइकल कैंसर से बचाव) के टीके का प्रथम डोज लगाया जा चुका है। इन्हीं बच्चियों को दूसरा डोज लगाया लगाया जा रहा है।

रामजानकी राधाकृष्ण मंदिर का रजत जयंती उत्सव 8 अक्तूबर से
श्री रामजानकी राधाकृष्ण साढ़ा मंदिर का रजत जयंती उत्सव आठ अक्तूबर से मनाया जाएगा। नौ दिवसीय उत्सव की शुरूआत नवाह्न पारायण के साथ होगी। यह जानकारी पुजारी सुशील कुमार पांडेय ने सोमवार को दी। उन्होंने बताया कि आठ अक्तूबर को नवाह्न पारायण से रजत जयंती उत्सव शुरू होगा। इस दौरान सुबह और शाम को व्यासपीठ से अच्युतानंद पाठक और अरुण कुमार झा कथा का पारायण कराएंगे। 16 अक्तूबर को उत्सव के समापन के बाद 17 अक्तूबर को हवन पूजन और प्रसाद का वितरण होगा।

मिशन शक्ति 5.0 के तहत बच्चों ने सीखी सुरक्षा की बारीकियां
मिशन शक्ति 5.0 के तहत सोमवार को सेल्फ डिफेंस कार्यशाला हुई। इस अवसर पर राजकीय बाल गृह बालिका, राजकीय पश्चातवर्ती देखरेख संगठन महिला, राजकीय बाल गृह बालक और राजकीय संप्रेषण गृह किशोर, रामनगर में रहने वाले बच्चों को आत्मरक्षा की कला सिखाई गई। कार्यशाला में बताया गया कि सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण का उद्देश्य अपनी सुरक्षा करने की क्षमता विकसित करना है, जिससे हम किसी भी खतरनाक स्थिति में खुद की रक्षा कर सके। 

प्रशिक्षक ज्योति सिंह ने प्रशिक्षण सत्र के दौरान बालक-बालिकाओं को विभिन्न व्यावहारिक तकनीकों और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी। यह भी बताया कि संयम बरतते हुए कैसे खुद को सुरक्षित रखा जा सकता है। इस अवसर पर संस्था की सहायक अधीक्षिका पूनम पाल, बालिका गृह की प्रांगणों अधीक्षिका संगीता राय, बाल गृह की प्रभारी अधीक्षिका ऋतु राजेश और संप्रेषण गृह के प्रभारी अधीक्षक कमलेश पांडेय समेत संस्था का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।

आज काशी आएंगे प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना
प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना मंगलवार को काशी आएंगे। सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर जिले का हाल जानेंगे। कछवां मिर्जापुर में राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए रवाना हो जाएंगे। प्रभारी मंत्री पीएमओ में जनसुनवाई भी कर सकते हैं।

बनारस में आज गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट
बनारस में आज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। गरज और चमक के साथ बौछारे पड़ सकती हैं। सोमवार को पूरे दिन तीखी धूप से तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री ऊपर 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम पारा 23 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। हवा में नमी 87 फीसदी तक दर्ज की गई। जिले में 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा ही बही। लखनऊ के यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक वाराणसी को यलो अलर्ट पर रखा गया है। यहां बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है।

आज महर्षि वाल्मीकि जयंती में हिस्सा लेंगे राज्यमंत्री असीम अरुण
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण मंगलवार को वाराणसी में विभिन्न कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। सामाजिक समरसता, शिक्षा और वरिष्ठ नागरिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे। सुबह 10 बजे वह नरिया, बीएचयू गेट के पास वाल्मीकि मंदिर में कार्यक्रम में भाग लेंगे। दोपहर 1.15 बजे सर्वोदय विद्यालय, बीएचयू में टीसीएस कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 4 बजे वह रामनगर के नवनिर्मित वृद्धाश्रम का निरीक्षण करेंगे। 

चंदौली में टूटा तार, रामनगर में 6 घंटे कटी बिजली
चंदौली में तार टूटने से रामनगर में सोमवार को छह घंटे बिजली बाधित रही। दो दिन पहले आंधी और बारिश से चंदौली के भुजहुआ गांव में दो खंभे गिर गए और कई तार टूटे। चूंकि साहूपुरी से इन्ही तारों से रामनगर उपकेंद्र को बिजली मिलती है, लिहाजा रामनगर में ब्रेकडॉउन हो गया। यहां के सभी फीडरों से आपूर्ति ठप हो गई। उपकेंद्र भी रात 10 बजे तक अंधेरे में डूब गया।

हाईटेंशन तार पर पेड़ की डाल गिरने से पंचायत का कामकाज ठप
चिरईगांव। हाईटेंशन तार पर पेड़ की डाल गिरने के चलते 10 दिनों से तरयां ग्राम पंचायत सचिवालय में कामकाज ठप हो गया है। पंचायत सहायक गोपी ने बताया कि नलकूप के ट्रांसफार्मर सहित पांच पोल टूट कर जमीन पर गिर गए हैं। सूचना पर बिजली विभाग के कर्मचारी जमीन पर गिरे तारों को हटा दिए लेकिन अब तक क्षतिग्रस्त खंभों को लगाने के साथ ट्रांसफार्मर ठीक नहीं किया गया। जिसके चलते पंचायत सचिवालय में ग्रामीणों के विभिन्न प्रकार के आवेदनो का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि विद्युत विभाग को जानकारी दी गई है। 

बीएचयू में क्षमता निर्माण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
बीएचयू के इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर टीचर एजुकेशन परिसर में सोमवार को आंतरिक लेखा परीक्षकों के तीन दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय विद्यालय संगठन नई दिल्ली की ओर से किया गया। पहले दिन पांच मंडल के 70 लेखा परीक्षक शामिल हुए। मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय नई दिल्ली के अपर आयुक्त प्रशासन दीपेश गहलोत ने सभी लेखा परीक्षकों को लेखा से संबंधित रखरखाव और बारीकियों के बारे में बताया। 

वित्त अधिकारी अरुण कुमार पाठक ने कहा कि संगठन के इस प्रयास से केंद्रीय विद्यालय के लेखा परीक्षकों की क्षमता का और विकास होगा। संचालन मनीष पांडेय और धन्यवाद ज्ञापन उपायुक्त वित्त मुख्यालय ने दिया। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. एके मिश्र, संयुक्त आयुक्त वित्त एसएन गुलिया, संजय कुमार, सुखराज कौर आदि रहे। 

तीसरे दिन भी नाविकों का विरोध प्रदर्शन जारी
नाविक समाज के अध्यक्ष प्रमोद मांझी शनिवार से तेलियानाला घाट पर संगठन के सदस्यों के साथ अनशन पर बैठे हैं। रविवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई। सोमवार तक सुधार देखने को नहीं मिला। सूचना मिलते ही घाट के सभी नाविक एकत्रित हो गए और प्रशासन से मांग को जल्द स्वीकार कर कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed