Uk: कुली बेगार आंदोलन की आड़ में जमकर चले व्यंग्य बाण, यूकेडी ने अंकिता हत्याकांड का मामला उठाया
उत्तरायणी मेले पर सरयू बगड़ में विभिन्न राजनीतिक दलों के पंडाल सजे और कुली बेगार आंदोलन की विरासत को याद किया गया।
विस्तार
बागेश्वर में साल 1921 के उत्तरायणी कौतिक की मकर संक्रांति के दिन सरयू बगड़ पर कुली बेगार प्रथा के विरोध में अपार जनसमूह उमड़ा था। अंग्रेजी सरकार के कानून की खिलाफत करते हुए करीब 40 हजार लोगों ने कुली बेगार के रजिस्टर सरयू नदी में प्रवाहित कर इस कुप्रथा का अंत कराया था। उस दिन से सरयू मकर संक्रांति के दिन सरयू बगड़ पर राजनीतिक पंडाल सजते आ रहे हैं। पहले इन पंडालों में समाज की दशा और दिशा तय करने के मसले उठते थे। समाज को इन मंचों से बड़ा संदेश दिया जाता था। आज इन मंचों का प्रयोग एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप राजनीतिक प्रतिद्वंदियों पर तंज कसने के लिए किया जाता है।
बुधवार को सरयू घाट पर भाजपा, कांग्रेस, यूकेडी और संघर्ष वाहिनी से पंडाल सजाए थे। नेताओं ने मंच से कुली बेगार के आंदोलन को याद किया। जिले वासियों को मकर संक्रांति, घुघुतिया पर्व की शुभकामनाएं दीं। भाजपा के पंडाल से विकास की गूंज सुनाई दी तो बाकी पंडालों पर अंकिता, वीआईपी, भ्रष्टाचार, जल, जंगल, जमीन के मुद्दे छाए रहे।
भारत को विश्व गुरु बनाने तक भाजपा को मिलता रहेगा जनता का प्यार : टम्टा
सरयू घाट पर बने भाजपा के पंडाल में मुख्य वक्ता के रूप में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा मौजूद थे। उन्होंने कहा कि यहां पर भाजपा के नेता जो कसमें खाते हैं उसे हर हाल में पूरा करके जनता का प्यार हासिल करते हैं। कहा कांग्रेस ने शोषित, गरीबों वंचितों से वोट तो लिए लेकिन उनके लिए कोई कार्य नहीं किया। जरूरतमंदों को आवास नहीं दिया। किसानों को सम्मान नहीं दिया। भाजपा ने पिछले 11 साल में प्रत्येक जिले, प्रदेश और देशवासियों को किसी न किसी योजना से जोड़ने का काम किया है। कहा कि भाजपा के कार्यों को ही जनता का प्यार मिलता है। जनता का यह प्यार पार्टी को तब तक मिलता रहेगा, जब तक भारत विश्व गुरु नहीं बन जाएगा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, विधायक पार्वती दास, सुरेश गढि़या, पीएमजीएसवाई अनुश्रवण समिति उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, जैविक उत्पाद परिषद के उपाध्यक्ष भूपेश उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढि़या समेत अन्य वक्ताओं ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं।
प्रदेश में बदलाव का संकल्प लेकर सरकार की कुरीतियों के उन्मूलन में सहयोग करें: गोदियाल
कांग्रेस के राजनीतिक पंडाल में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन महरा की मौजूदगी रही। शीर्ष नेताओं ने प्रदेश की जनता से 2027 में प्रदेश में राजनीतिक बदलाव करने के लिए सहयोग मांगा। प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि भाजपा के शासन काल में प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। कहा कि सरयू का यह बगड़ वही स्थान है जहां से हमारे पूर्वजों ने श्रम सुधारों के लिए कुली बेगार के रूप में पहला आंदोलन किया था। कांग्रेस इस मंच से प्रकृति के बदलाव के इस पर्व पर प्रदेश में राजनीतिक बदलाव लाने में सहयोग करने की अपील कर रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार का बनना जनता और राज्य के हित के लिए जरूरी है।
पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि अंकिता ने हमारे मान, सम्मान और स्वाभिमान के लिए अपने प्राण गंवाए। उसको शहीद का दर्जा है। उस वीआईपी अपराधी और रिजॉर्ट में सबूत नष्ट करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के जज की देखरेख में न्यायिक जांच होनी चाहिए। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन महरा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद कुंजवाल जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, बसंत कुमार, बालकृष्ण समेत तमाम नेताओं ने अपने विचार रखे।
2027 में बनाएंगे कल्पनाओं का राज्य : नेगी
उत्तराखंड क्रांति दल के पंडाल में इस बार पहले की अपेक्षा मंजर बदला दिखा। लोग भी बड़ी संख्या में पंडाल में पहुंचे थे। मुख्य वक्ता के रूप में यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती और युवा प्रदेश अध्यक्ष आशीष नेगी ने कहा कि पार्टी का संगठन मजबूत हो रहा है। 11,600 बूथ अध्यक्ष तैयार हो रहे हैं। युवाओं ने जमीन तैयार करना शुरू कर दिया है। हम बड़ी लड़ाई के लिए तैयार हैं। कहा कि प्रदेश में पोस्टमैन हरियाणा से, ठेकेदार यूपी बिहार से आ रहे हैं। यहां के लोग 200 रुपये में मनरेगा में काम कर रहे हैं। हमारा प्रदेश एकमात्र पहाड़ी राज्य है, जहां से सुविधाओं की तलाश में पलायन हो रहा है। कहा कि गैरसैंण को राजधानी बनाना यूकेडी का संकल्प है। कहा कि पार्टी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के अलावा जय पहाड़, जय पहाड़ी का नारा बुलंद कर रही है। 2027 में हम सरकार बनाकर अपनी कल्पनाओं के राज्य का निर्माण करेंगे। पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, महिला प्रदेश अध्यक्ष संतोष भंडारी, जिलाध्यक्ष मनोज जोशी, पूर्व अध्यक्ष हीरा बल्लभ भट्ट, भुवन कांडपाल समेत तमाम वक्ताओं ने मजबूती से विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही।
लूट, झूठ और उत्पीड़न के खिलाफ सड़क पर उतरकर लड़नी होगी लड़ाई : मैखुरी
सरयू घाट पर राजनीतिक दलों के साथ-साथ संघर्ष वाहिनी ने भी पंडाल सजाया। प्रमुख वक्ताओं में शामिल इंद्रेश मैखुरी, पीसी तिवारी, त्रिलोचन भट्ट, चारू तिवारी, रमेश पांडेय कृषक आदि ने वर्तमान में प्रदेश के हालात पर सरकार को घेरा। वक्ताओं ने कहा कि तीन साल से अंकिता को न्याय नहीं मिला है। वीआईपी को संरक्षित किया जा रहा है। कहा कि वाहिनी की लड़ाई प्रदेश में महिलाओं को स्वतंत्रता से जीने, पुलिस के उत्पीड़न से आत्महत्या कर रहे किसानों को बचाने, प्रदेश में चल रही संसाधनों की लूट, सरकार के झूठ, प्रदेश को लुटेरा और पुलिसिया राज्य बनने से रोकने की है। प्रदेश हित में इस लड़ाई को सड़कों पर उतरने की जरूरत है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कवि जोशी, अंकुर उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

कमेंट
कमेंट X