Uttarakhand News: लोगों को दिखा तेंदुआ, वन विभाग की पकड़ से दूर
नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली के तोक धुरा में महिला को शिकार बनाने वाला तेंदुआ 72 घंटे बाद भी वन विभाग की पकड़ में नहीं आ पाया है।
विस्तार
नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली के तोक धुरा में महिला को शिकार बनाने वाला तेंदुआ 72 घंटे बाद भी वन विभाग की पकड़ में नहीं आ पाया है। तेंदुए को पकड़ने के लिए डीएफओ आकाश गंगवार रविवार को भी वनकर्मियों के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहे। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से 25 किलोमीटर की परिधि में 50 से अधिक ट्रैप कैमरे लगाने के साथ पांच पिंजरे लगाए हैं। 50 से अधिक वनकर्मियों की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है।
शनिवार को धारी के कुछ गांवों में तेंदुआ सुबह के समय देखा गया है। तेंदुए के घरों के पास दिखाई देने के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है। दीनी तल्ली के तोक धुरा में ग्रामीण घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। महिलाएं भी मवेशियों के लिए जंगलों से चारा नहीं ला पा रही हैं। महिला को मारने वाला वन्यजीव तेंदुआ था या बाघ, इसका पता लगाने के लिए वन विभाग सैंपल रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रेंजर विजय भट्ट की ओर से हरीनगर, मोतियापाथर, पहाड़पानी, चोरलेख, मनाघेर और धानाचूली क्षेत्र के ग्रामीणों को सुबह और शाम के समय घरों से अकेले बाहर नहीं निकलने की अपील की है। जानवरों को जंगल नहीं भेजने, पिंजरे और कैमरों के आसपास भीड़ और छेड़छाड़ नहीं करने की भी अपील की है। विभाग की ओर से जिन जगहों पर तेंदुए दिखाई दे रहे हैं, वहां टीम गश्त कर रही है।
वन विभाग तेंदुए को पकड़ने के लिए प्रयास कर रहा है। ट्रैप कैमरों के साथ पिंजरों की संख्या बढ़ाई गई है। लोगों को जागरूक करते हुए अकेले बाहर नहीं जाने की अपील की गई है। हमलावर तेंदुए को ट्रैंक्यूलाइज के लिए डॉक्टर लगे हुए हैं।-आकाश गंगवार, डीएफओ नैनीताल

कमेंट
कमेंट X