Uttarakhand: जल विसर्जन करने आई युवती की कोसी नदी में डूबने से मौत, गांव में मातम
रामनगर के गर्जिया देवी मंदिर में ठाकुरद्वारा से भागवत कथा का जल विसर्जन करने आए एक परिवार की युवती की नदी में नहाने के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रामनगर के गर्जिया देवी मंदिर में ठाकुरद्वारा से परिवार के साथ भागवत कथा का जल विसर्जित करने आई युवती नहाने के दौरान डूब गई। परिजन उसे लेकर सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत के बाद परिजनों में मातम छा गया।
ठाकुरद्वारा नई बस्ती में बीते कई दिनों से भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा था। शनिवार को कथा के समापन के बाद रविवार को तीन ट्रैक्टर ट्रॉली से ग्रामीण जल विसर्जित करने गर्जिया मंदिर पहुंचे। इसी बीच निशु (24) पुत्री होराम सिंह परिजनों के साथ स्नान कर रही थी। अचानक वह गहरे पानी में डूबने और चीखने लगी। पास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वह गहरे पानी में डूब गई। काफी देर तक खोज कर लोगों ने उसे बाहर निकाला और रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवती दो भाइयों की सबसे छोटी बहन थी। वह बीए के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।
डूबने से बाल-बाल बची वर्षा
गर्जिया मंदिर के कोसी नदी में निशु के साथ एक अन्य युवती वर्षा भी नहा रही थी। निशा के साथ ही वह भी गहरे पानी में डूबने लगी। इसी बीच पास मौजूद लोगों ने उसे बचा लिया लेकिन वे काफी कोशिशों के बाद भी निशु को नहीं बचा पाए।
प्रशासन की बड़ी लापरवाही आई सामने
एक सप्ताह पूर्व ही रामनगर के कोसी बैराज के पास कोसी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई थी। इसके बाद प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी हरकत में आए और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए गए। इस बीच नहाने पहुंचे लोगों को भी खदेड़ा गया। दो दिन बाद ही प्रशासन की सक्रियता ठंडे बस्ते में चली गई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग कोसी नदी समेत तमाम स्थानों पर नहाने पहुंच रहे हैं।
पांच वर्षों में इतने हो चुके हैं हादसे
08 जून 2026 को कोसी में डूबने से दो युवकों की मौत
21 मार्च 2026 को 12 साल के बच्चे की डूबने से मौत
07 जुलाई 2025 को गर्जिया मंदिर के पास डूबने से युवक की मौत
25 जुलाई 2025 कालूसिद्ध के पास कोसी नदी में डूबने से युवक की मौत
25 अप्रैल 2023 में दो युवकों की कोसी में डूबने से मौत
15 मार्च 2022 को मुरादाबाद के दो युवकों की गर्जिया के पास डूबने से मौत
चेतावनी बोर्ड के बावजूद लोगों का नदी में जाना गलत है। पुलिस समेत संबंधित विभागों को लोगों को नदी में जाने से रोकना चाहिए। जल्द ही संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाएगा ताकि लोग नदी में न उतरें। - गोपाल सिंह चौहान, एसडीएम, रामनगर