{"_id":"69bdb93aa4f438b3ce0a57ec","slug":"attempt-to-grab-property-worth-crores-rishikesh-news-c-5-1-drn1046-926774-2026-03-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rishikesh News: करोड़ों की संपत्ति हड़पने का प्रयास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rishikesh News: करोड़ों की संपत्ति हड़पने का प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी, ऋषिकेश
Updated Sat, 21 Mar 2026 02:46 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
भरोसे का फायदा उठाकर संपत्ति हड़पने का मामला सामने आया है। गंगानगर क्षेत्र में एक केयरटेकर ने ही मकान मालिक की गैरमौजूदगी का लाभ उठाकर कीमती संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रच डाली। मुख्य साजिशकर्ता केयर टेकर की मौत के बाद उसके परिजनों ने साजिश को आगे बढ़ाते हुए संपत्ति रजिस्टर में अपना नाम दर्ज करा लिया। अब पुलिस ने शिकायत पर मृतक केयर टेकर व उसकी पत्नी, दो बेटों व बेटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गंगानगर निवासी रमेश कुमार ने अपनी संपत्ति और मकान की देखभाल के लिए किरायेदार मदन लाल शर्मा को केयरटेकर रखा था। रमेश कुमार बीमार होने के कारण डेनमार्क में अपने बेटे के साथ रह रहे हैं। आरोप है कि इसी दौरान मदन लाल ने अपने परिवार के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर संपत्ति अपने नाम कराने की साजिश रची। 100 रुपये के स्टांप पेपर पर कूट रचित दस्तावेज तैयार कर नगर निगम के रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने की कोशिश की गई। 2021 में मदन लाल की मृत्यु के बाद उसकी पत्नी मुक्तेश देवी, बेटा मनीष शर्मा, करुण शर्मा और बेटी मीनाक्षी शर्मा ने इस साजिश को आगे बढ़ाया। कथित रूप से हेरफेर कर संपत्ति रजिस्टर में अपना नाम दर्ज करा लिया। खुलासा तब हुआ जब 20 जुलाई 2023 में विदेश में रह रहे मूल स्वामी को इसकी जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल अपने विश्वसनीय साई विहार कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार नौटियाल को पावर ऑफ अटॉर्नी दी व कार्रवाई करने को कहा। प्रमोद कुमार ने मामले की शिकायत डीएम से की। प्रमोद ने बताया कि केयरटेकर परिवार ने कोरोना काल के बाद से अब तक पांच लाख का किराया भी हड़प लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मदन लाल शर्मा, उसकी पत्नी, दोनों बेटों व बेटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि दस्तावेजों की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Trending Videos