Kashipur: ईरान में फंसा अर्पित, परिजनों की चिंता बढ़ी; सीएम और मेयर से लगाई वापसी की गुहार
ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के बीच काशीपुर का एक युवक ईरान में फंस गया है। युद्ध के बीच फंसे बेटे के लिए परिजनों को चिंता सता रही है। परिजनों ने सीएम और मेयर से वापसी की गुहार लगाई है।
विस्तार
ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के बीच काशीपुर निवासी नौकरी पेशा एक युवक ईरान में फंस गया है। नगर निवासी व्यवसायी का बेटा दुबई में मर्चेंट नेवी में सेकेंड अफसर के पद पर कार्यरत है।
युद्ध के बीच फंसे बेटे को लेकर परिजनों को चिंता सता रही है। परिजनों ने सीएम, मेयर, तहसीलदार को प्रार्थना पत्र देकर बेटे को सकुशल वतन वापस लाने की गुहार लगाई है।
बाजपुर रोड स्थित श्यामपुरम कॉलोनी निवासी विनोद कुमार सैनी ने बताया कि उनका बड़ा बेटा अर्पित सैनी (23) दुबई में मर्चेंट नेवी में सेकेंड अफसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया लगभग साढ़े आठ महीने पहले उनके बेटे की नौकरी दुबई में लगी थी, तब से वह वहां रह रहा है। विनोद ने बताया मर्चेंट नेवी में होने से उनका बेटा अर्पित समय-समय पर जहाज के साथ ईरान आता-जाता रहता है।
पिता व मां नीलन सैनी ने बताया लगभग एक सप्ताह पहले उनका बेटा दुबई से ईरान गया था। इसी बीच ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच युद्ध छिड़ गया। जिसके चलते वह ईरान में फंस गया। पिता ने बताया कि बीती 3 मार्च को बेटे अर्पित से बात हुई थी।
इसके बाद कई बार संपर्क किया प्रयास किया लेकिन बात नहीं हो सकी। उन्होंने बताया शुक्रवार सुबह ही उनके बेटे से बात हुई है। बेटे ने बताया कि वह ईरान में सुरक्षित स्थान पर हैं, किसी प्रकार से चिंता नहीं करें। जैसे ही व्यवस्था होगी वह वापस आ जाएगा।
पिता विनोद ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मेयर दीपक बाली को भी पत्र देकर गुहार लगाई है कि उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। कहा कि संबंधित अधिकारियों से बात करके उनके बेटे को भारत वापस सुरक्षित लाने में सहयोग करें।
उधर, तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि पिता की ओर से प्रार्थना मिल चुका है। इस संबंध में जिले में उच्चाधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है।