Rudrapur: एचपीवी वैक्सीनेशन की धीमी हुई रफ्तार,28 फरवरी से शुरू हुआ अभियान; अब तक सिर्फ 28 का हुआ टीकाकरण
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चल रहा एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की रफ्तार धीमी पड़ गई है। अभियान की शुरुआत 28 फरवरी होने के बाद स्कूलों में परीक्षाएं और बीच में होली की छुट्टियां पड़ने से टीकाकरण कार्यक्रम प्रभावित हुआ है।
विस्तार
महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए शुरू किए गए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की रफ्तार धीमी पड़ गई है। 28 फरवरी को अभियान की शुरुआत होने के बाद स्कूलों में परीक्षाएं और बीच में होली की छुट्टियां पड़ने से टीकाकरण कार्यक्रम प्रभावित हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों की बैठक शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई, जिसमें वैक्सीनेशन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्कूलों और अन्य स्थानों पर समन्वय बनाकर अधिक से अधिक लाभार्थियों तक टीकाकरण पहुंचाया जाए। केंद्र सरकार की ओर से भी सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के टीकाकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
टीकाकरण के लिए जिले में बनाए गए 16 सेशन साइटस
एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के तहत विभिन्न ब्लॉकों में टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बाजपुर, गदरपुर, जसपुर, काशीपुर, खटीमा, रुद्रपुर और सितारगंज ब्लॉकों में अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों को सेशन साइट बनाया गया है। इन केंद्रों में बाजपुर एससी, सुल्तानपुर पट्टी, केलाखेड़ा, गदरपुर, दिनेशपुर, जसपुर सीएचसी, काशीपुर एसडीएच, नारायण नगर, सिविल अस्पताल खटीमा, किच्छा, जिला अस्पताल रुद्रपुर, नारायणपुर, सितारगंज, शक्ति फार्म और नानकमत्ता शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र पर नामित वैक्सीनेटर और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात की गई है, जो पात्र किशोरियों को एचपीवी टीका लगाकर अभियान को सफल बनाने में जुटी है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी केंद्रों को आवश्यक निर्देश भी जारी किए हैं।
28 फरवरी को एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान शुरू हुआ था। इसके बाद स्कूलों में परीक्षाएं और बीच में होली की छुट्टियां पड़ने से अभियान की रफ्तार प्रभावित हुई है। अब तक जिले भर में करीब 28 महिलाओं को वैक्सीन लगाई जा चुकी है और आगे अभियान को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। - डॉ. डीपी सिंह, नोडल अधिकारी