Rudrapur: गोदियाल के फर्जी फेसबुक आईडी पर कांग्रेस का हल्ला-बोल, विधायक बेहड़ के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे
रुद्रपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से जुड़ी कथित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सियासी विवाद गहरा गया है जहां कांग्रेस नेताओं ने फर्जी आईडी और एआई के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुद्रपुर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की बंगाली समाज से जुड़ी कथित पोस्ट के मामले में सियासी घमासान तेज हो गया है। रविवार को विधायक तिलकराज बेहड़ के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचकर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया और तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली में विधायक बेहड़ ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष की फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई है और एआई के जरिये फर्जी वीडियो पोस्ट की गई है जिसमें बंगाली समाज के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गई हैं।
बेहड़ ने कहा कि पोस्ट में बंगाली समाज को घुसपैठिया जैसे विवादित शब्दों से संबोधित किया गया है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की छवि खराब करने के लिए एआई का दुरुपयोग किया जा रहा है जबकि उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।
विधायक बेहड़ और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने एसएसआई केसी आर्य को तहरीर देकर फर्जी अकाउंट संचालक की पहचान और कथित पोस्ट को लेकर भ्रामक खबर चलाने वाले चैनल पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एसएसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं से अपने थाना क्षेत्र में तहरीर देने के लिए कहा।
इस मौके पर कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी, संजय जुनेजा, संजय ठुकराल, ममता हालदार, राजवीर सिंह, सुखवंत सिंह, सुनील चुग, संजीव गुप्ता, विकास बंसल आदि मौजूद थे।
भाजपा ने आज तक नहीं किया इन समुदायों को स्वीकार : बेहड़
विधायक तिलकराज बेहड़ ने पूरे प्रकरण को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दुरुपयोग का मामला बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास हमेशा से विस्थापितों और कमजोर वर्गों के साथ खड़ा रहने का रहा है। इंदिरा गांधी और जवाहर लाल नेहरू के समय में बंगाली और पंजाबी शरणार्थियों को बसाने, उन्हें जमीन देने का काम कांग्रेस ने किया। बेहड़ ने कहा कि भाजपा केवल विपक्ष को बदनाम करने की राजनीति कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने आज तक इन समुदायों को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया और नागरिकता व आरक्षण जैसे मुद्दों पर केवल वादे किए हैं।
भाजपा विधायक ने बंगाली समाज के अस्तित्व पर उठाए थे सवाल : ठुकराल
कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भाजपा विधायक मुन्ना सिंह चौहान के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि अतीत में बंगाली समाज के अस्तित्व और अधिकारों पर सवाल उठाए गए थे। ठुकराल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा इस समुदाय को सम्मान दिया और उन्हें देश की मुख्यधारा में लाने का काम किया। उन्होंने प्रणब मुखर्जी, अधीर रंजन चौधरी और सोमनाथ चटर्जी जैसे नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने बंगाली समाज को उच्च पदों तक पहुंचाया।

कमेंट
कमेंट X