UK: बारिश ने लगाया ब्रेक...650 करोड़ का मेडिकल कॉलेज अटका, तीन बार शिलान्यास के बाद भी नहीं बना अंडरपास
मानसून की बारिश ने ऊधमसिंह नगर जिले के विकास कार्यों की रफ्तार थाम दी है। एक तरफ 650 करोड़ से बन रहा रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का काम 65 प्रतिशत पूरा होने के बाद धीमा पड़ गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मानसून की बारिश ने ऊधमसिंह नगर जिले के विकास कार्यों की रफ्तार थाम दी है। एक तरफ 650 करोड़ से बन रहा रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का काम 65 प्रतिशत पूरा होने के बाद धीमा पड़ गया है। वहीं दूसरी तरफ त्रिशूल चौक से इंदिरा चौक तक हाईवे चौड़ीकरण का दूसरा हिस्सा कीचड़ और खुदी सड़क के कारण अटका है। भूरारानी में 15 से अधिक गांवों को राहत देने वाला रेलवे अंडरपास बीते साल तीन बार शिलान्यास के बावजूद एक इंच नहीं बढ़ सका है। अधिकारी अब मानसून के बाद काम शुरू करने की बात कर रहे हैं।
650 करोड़ से बन रहे मेडिकल कॉलेज का कार्य धीमा
रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माणाधीन भवनाें का काम 65 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। 650 करोड़ की लागत से बन रहे बहुमंजिला भवनों के निर्माण की रफ्तार मानसून के कारण धीमी पड़ी है। आने वाले दिनों में बारिश अधिक हुई तो काम में और देरी की आशंका है।
हाईवे चौड़ीकरण का काम नहीं बढ़ रहा आगे
त्रिशूल चौक से इंदिरा चौक तक एक ओर हाईवे चौड़ीकरण का काम काफी समय पहले पूरा हो चुका है जबकि दूसरी ओर काम अटका पड़ा है। नगर निगम की ओर जिला विकास प्राधिकरण ने सड़क खोदकर छोड़ रखी है। मानसून के कारण काम में देरी हो रही है।
रेलवे का अंडरपास सपना बनकर रह गया
15 से अधिक गांव के लोगों के लिए भूरारानी में रेलवे का अंडरपास सपना बनकर रह गया है। बीते साल तीन बार अंडरपास का शिलान्यास किया गया था लेकिन करीब कई महीनों बाद भी अंडरपास का काम एक इंच आगे नहीं बढ़ा है। इससे अंडरपास को लेकर लोग में संशय बना है। अधिकारी मानसून के बाद काम करने का दावा कर रहे हैं।
आधुनिक पार्क बनाने की रफ्तार भी धीमी
रुद्रपुर के गांधी पार्क को आधुनिक बनाया जा रहा है। जरा सी बारिश होने पर यहां जलभराव हो रहा है। 5.4 करोड़ की लागत से होने वाले काम की चाल को रफ्तार नहीं मिल पा रही है। इस पार्क को विकसित किए जाने की चर्चाएं काफी जोरशोर से की गई थीं लेकिन फिलहाल यह भी ठंडे बस्ते में नजर आ रहा है।
काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण का काम अटका
स्थानीय नेताओं ने 15 दिन पहले दावा किया था कि काशीपुर बाईपास रोड के चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू होगा। बकायदा लोनिवि ने दुकानदारों को नोटिस थमा दिए थे। समय की सीमा लगभग पूरी हो गई है। मानसून के कारण ये काम अभी अटक चुका है।
जिला विकास प्राधिकरण की ओर से होने वाले काम चल रहे हैं। हाईवे चौड़ीकरण का काम भी जल्द शुरू हो जाएगा। तय समय पर सभी काम पूरे किए जाएंगे। - जय किशन, उपाध्यक्ष, डीडीए