Kashipur News: अंधविश्वास और जिन्न का खौफ दिखाकर ग्रामीणों से करोड़ों की ठगी, एफआईआर दर्ज
काशीपुर के आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में जिन्न और तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर आरोपी फरार हो गया। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
काशीपुर के आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में अंधविश्वास के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। जिन्न का खौफ दिखाकर एक व्यक्ति लोगों से दोगुना रुपये का लालच देकर करोड़ों रुपये लेकर भाग गया। पीड़ितों ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ग्राम बांसखेड़ा खुर्द निवासी शकील अहमद ने 20-25 महिला-पुरुषों के साथ सोमवार को आईटीआई कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी को तहरीर सौंपी। इसमें बताया कि लगभग दो साल पहले उसकी मुलाकात मूलतः यूपी के जिला रामपुर व वर्तमान में गांव धीमरखेड़ा निवासी एक व्यक्ति से हुई। उसने बताया कि वह एक समिति चलाता है साथ ही तंत्र-मंत्र व जादू-टोना करता है। उसकी समिति में रुपया जमा करने पर रुपया तीन गुना रुपये 9 माह से एक वर्ष तक में लौटाता है। उसके झांसे में आकर कुछ लोगों ने उसे रुपये दिए और उसने अपनी बात पर खरा उतरते हुए रुपये बढ़ाकर लौटा भी दिए। बात फैली तो भारी संख्या में लोग उसके पास रुपये दोगुना-तिगुना कराने पहुंचने लगे। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी तंत्र-मंत्र भी करता है। जिन्न का खौफ दिखाकर तमाम तरह की बातें बनाते हुए उसने परिचितों और रिश्तेदारों को भी रुपये डबल कराने की बात बताकर अपने पास लाने को कहा।
ग्रामीणों ने बताया कि अंधविश्वास में आकर तमाम लोगों के रुपये उसके पास जमा कराए गए। काफी रकम जमा होने के बाद आरोपी ने कोई भी रिफंड नहीं दिया। जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर लोगों को झांसे में लेता है और फिर भाग जाता है। बताया ऐसा ही कृत्य यूपी के भोजपुर व सैफनी क्षेत्र में भी कर चुका है। पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि रकम मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी और किसी झूठे केस में फंसा देने की धमकी मिल रही है। पीड़ितों के मुताबिक उक्त व्यक्ति ने हजारों लोगों से करोड़ों की ठगी कर उन्हें दर-दर भटकने को मजबूर कर दिया है। पीड़ितों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर आरोपी से उनकी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई। कोतवाली प्रभारी रवि सैनी ने पीड़ितों को भरोसा दिया कि इस मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
यहां पर शकील अहमद, ईस्माइल, अरमान अली, गुल सनोबर, मुन्नी बेगम, नाजमा, कहकशा, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद अयान, गुलाम मुस्तफा, सलीम, अंसार अहमद, फरजाना, यूसुफ, शायरा, शरीफ, शबनम, जुनैद, शमशेर आलम आदि बड़ी संख्या में पीड़ित महिला-पुरूष मौजूद रहे।
आया था मुख्य अतिथि बनकर लूट कर ले गया
काशीपुर। गांव बांसखेड़ा खुर्द के ग्रामीणों ने बताया आरोपी उनके गांव में एक धार्मिक जलसे में मुख्य अतिथि के रूप में लगभग दो साल पहले आया था। जलसे के बाद उसने गांव के लोगों को अपने विश्वास में ले लिया। बताया कि एक जिन्न भाईजान उसके ऊपर आता है। यदि लोग उसके कहे अनुसार धार्मिक कार्यक्रम कब्रिस्तान की सफाई, गरीबों की मदद करेंगे तो वह उनके रुपये दोगुना-तीगुना कर देगा। उसके इन बातों में आकर लोगों ने अपनी खून-पसीने की लाखों रुपये की कमाई उसकी समिति में नगद जमा करा दी। जिसे लेकर वह भाग गया। पीड़ितों ने पुलिस को लगभग 60-70 लोगों के नाम और उनके द्वारा जमा कराए रुपये की लिस्ट भी सौंपी है।