UK: वायरल होने के चक्कर में सीधे जेल पहुंचे, पुलिस से उलझे युवक ने कहा- लाइक्स-फॉलोअर्स के लिए किया था झगड़ा
सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए दो युवकों ने ट्रैफिक पुलिस से जानबूझकर विवाद किया। बिना हेलमेट के बाइक चलाने पर चालान काटे जाने की बात पर उन्होंने पुलिस से अभद्रता की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने की चाह में पुलिस से उलझना दो युवकों को भारी पड़ गया। ट्रैफिक चेकिंग के दौरान पुलिस से अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार किए गए युवकों में से एक ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर विवाद किया था ताकि उसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो जाए। हालांकि वायरल होने से पहले ही उसे हवालात पहुंचना पड़ा।
शनिवार को आहूजा धर्मशाला के सामने ट्रैफिक पुलिस नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चला रहे युवक को रोककर ऑनलाइन चालान की प्रक्रिया शुरू की गई। युवक ने चालान नकद काटने की बात कही, लेकिन ऑनलाइन भुगतान की जानकारी देने पर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों युवकों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की, सरकारी कार्य में बाधा डाली और सरकारी बाइक में भी तोड़फोड़ कर दी।
टीएसआई राम सिंह की तहरीर पर पुलिस ने चंदन और दीपक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर रविवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सामने आए वीडियो में एक आरोपी ने बताया कि उसके भाई का पहले चालान हुआ था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसके फॉलोअर्स और लाइक्स बढ़ गए थे। उसी से प्रभावित होकर उसने भी पुलिस से विवाद किया ताकि उसका वीडियो भी वायरल हो सके।
वीडियो में आरोपी अपनी गलती स्वीकार करते हुए हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है। उसने कहा कि पुलिसकर्मी उससे उम्र में बड़े हैं और वह अपनी हरकत पर शर्मिंदा है। जरूरत पड़ने पर उनके पैर पकड़कर भी माफी मांगने के लिए तैयार है।
सोशल मीडिया का प्रयोग सकारात्मकता के लिए कीजिए। कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। - अजय गणपति, एसएसपी