पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के विकास विहार कॉलोनी में शुक्रवार की सुबह दिनदहाड़े एक युवक को अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय सुनील कुमार, पिता मोहन यादव के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई पूरी घटना
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना उस समय हुई जब सुनील कुमार कॉलोनी में मौजूद थे। तभी बाइक सवार अपराधी मौके पर पहुंचे और सीधे उन्हें निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगते ही सुनील जमीन पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से तीन खोखे भी बरामद किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और एफएसएल टीम तथा फॉरेंसिक यूनिट को घटनास्थल पर बुलाया गया।
पढ़ें: हाजीपुर-पटना मुख्य मार्ग पर हादसा, महात्मा गांधी सेतु पर कार पलटी; लगा लंबा जाम
पुलिस ने बताया कि हत्या के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। फुलवारी शरीफ थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।