छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले जंगली हाथियों की संख्या अब 146 तक पहुंच चुकी है। बीती रात हाथियों के दल ने 12 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर नुकसान के आकलन में जुट गई है। मामला धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र का है। वहीं धरमजयगढ़ के कोलयार जंगल में आज सुबह हाथियों के दल को ग्रामीणों ने हो हल्ला करके जंगल तरफ भगाया है।
धरमजयगढ़ वन मंडल में हाथियों की संख्या अब 146 तक पहुंच चुकी है। हाथियों के दल में 37 नर, 72 मादा के अलावा 37 शावक शामिल है। सबसे अधिक हाथी छाल रेंज के सिंघीझाप में 35, आमगांव में दो दल एक में 28, और दूसरे में 15, लोटन में 12, आलोला में 12, लैलूंगा के तिलाई दरहा में 12 के अलावा अलग - अलग दल में हाथियों का दल विचरण कर रहा है। जंगली हाथियों के दल ने बीती रात 12 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है, जिसमें मेढ़रमार में 2, दुलियामुड़ा , कोयलार में 5 , क्रोधा में 2, डोंगाभौना में 3 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। आज सुबह फसल नुकसान की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
गांव के ग्रामीण बताते हैं कि हाथियों के दल में शावक भी शामिल हैं , भोजन और पानी की तलाश में हाथियों का दल अक्सर गांव के करीब पहुंच आता है, दल में शावक होने की स्थिति में हाथियों का दल आक्रामक रहता है, ऐसे में ग्रामीणों में जहां भय का माहौल है। वहीं कई ग्रामीण रतजगा करके अपने घरों और फसलों की रक्षा करने पर मजबूर है।
हाथियों के मूवमेंट पर नजर
धरमजयगढ़ वन मंडल में ही 146 हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग के अलावा हाथी मित्र दल की टीम ड्रोन कैमरे के अलावा अन्य संसाधनों से दिन व रात के समय हाथियों के दल पर निगरानी करते हुए प्रभावित गांव में पहुंच कर प्रचार - प्रसार करते हुए ग्रामीणों को जंगल जाने से रोका जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी घटना न हो।