कोतवाली और थाना गांधीनगर अंबिकापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लाइसेंसी बंदूक लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को कसाबेल (जिला जशपुर) से गिरफ्तार कर लूटी गई डबल बैरल बंदूक बरामद कर ली है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान का हिस्सा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा अंबिकापुर में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत अमोद कुमार एक्का ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बीती आठ फरवरी को दोपहर लगभग एक बजे, वह नवापारा से अपने नए किराये के कमरे में सामान शिफ्ट कर रहा था।
ऑटो में जगह न होने के कारण, उसने अपनी डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक कंधे पर टांगकर पैदल प्रतापपुर नाका की ओर जा रहा था। इसी दौरान नवापारा कुम्हारपारा ढलान के पास एक युवक ने बाइक से छोड़ने का झांसा देकर उसकी बंदूक लूट ली और फरार हो गया। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। साइबर सेल, कोतवाली और गांधीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर आरोपी को चिन्हित किया।
इसके बाद, कसाबेल जिला जशपुर से आरोपी जयपाल लकड़ा, उम्र 45 वर्ष, निवासी महादेवडांड बीसबहरी थाना बगीचा जिला जशपुर, वर्तमान निवासी गोधनपुर थाना गांधीनगर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। यह घटना पुलिस की तत्परता और प्रभावी जांच का प्रमाण है, जिससे अपराधियों में भय का माहौल बना है।