शहर कांग्रेस कमेटी ने ऐतिहासिक मेला मड़ई में लगने वाले मीना बाजार के लिए विकास नगर स्टेडियम ग्राउंड आवंटित करने की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपा है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेन्द्र देवांगन के नेतृत्व में दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि वर्तमान मीना बाजार संचालक नगर पालिका से प्रतिवर्ष लगभग तीन लाख रुपये किराये पर ग्राउंड लेता है, जबकि दुकानदारों से प्रति दुकान 15 से 20 हजार रुपये वसूले जाते हैं। इसके अतिरिक्त, प्रति बल्ब के हिसाब से बिजली शुल्क भी लिया जाता है।
ज्ञापन में कहा गया है कि स्टेडियम परिसर में लगने वाली 150 से 200 दुकानों से संचालक को भारी आय होती है। कांग्रेस कमेटी का आरोप है कि यह वसूली प्रायोजित तरीके से की जा रही है, जिससे नगर पालिका को संभावित राजस्व का नुकसान हो रहा है। वहीं, मीना बाजार के बाहर लगने वाली दुकानों से नगर पालिका द्वारा अपेक्षाकृत कम शुल्क लिया जाता है।
शहर कांग्रेस कमेटी ने प्रस्ताव दिया है कि यदि विकास नगर स्टेडियम ग्राउंड उन्हें आवंटित किया जाता है, तो वे नगर पालिका को छह लाख रुपये जमा करेंगे और दुकानदारों को भी रियायत प्रदान करेंगे। कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 20 फरवरी, शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।