छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर और ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जगदलपुर में भाजपा कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर अफीम की खेती और नशे के कारोबार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने बताया कि दुर्ग के समोदा में अफीम की खेती के खुलासे के बाद बलरामपुर के कुसुमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव और बलरामपुर के ही एक अन्य गांव खजूरी में भी अफीम की खेती का खुलासा हुआ है। इससे यह साबित हो चुका है कि भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रदेश को नशे का गढ़ बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और सत्ता में बैठे लोगों के संरक्षण के बिना खुलेआम अफीम की खेती या गली-कूचों में गांजा, शराब और सूखे नशे का कारोबार संभव नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि बड़े-बड़े बैनर, पोस्टर और विज्ञापनों के माध्यम से खुद की वाहवाही लूटने वाली इस कथित सुशासन सरकार के दौर में आज बस्तर सहित पूरे प्रदेश में नशीली दवाएं, प्रतिबंधित गोलियां और अवैध सूखा नशा गली-मोहल्लों में धड़ल्ले से बिक रहा है। यह नाबालिग बच्चों तक भी पहुंचाया जा रहा है। पिछले 13 महीनों के दौरान नारकोटिक्स के 2599 मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें से अधिकतर सोशल मीडिया के माध्यम से उजागर हुए हैं।
मौर्य ने आगे कहा कि कमर्शियल सिलेंडर पर अघोषित रोक से घरेलू सिलेंडरों का दुरुपयोग और कालाबाजारी बढ़ रही है। घरेलू गैस की आपूर्ति पिछले पांच दिनों से बाधित है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई अचानक रोक दी गई है, इसके बावजूद सरकार यह दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त उपलब्धता है।
उन्होंने कहा कि विगत तीन महीनों में घरेलू रसोई गैस के दाम में 307 रुपये प्रति सिलेंडर की वृद्धि हुई है और अब एक बार फिर 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। मूल्य वृद्धि से एक सप्ताह पहले जिन उपभोक्ताओं ने बुकिंग कराई थी और जिनका डीएसी जारी हो चुका था, अब सप्लाई के समय नए डीएसी जारी कर उनसे अधिक कीमत वसूली जा रही है।
उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए अंतराल भी बढ़ा दिया गया है। पहले जहां 21 दिन बाद दूसरी बुकिंग हो जाती थी, अब 25 दिन बाद ही बुकिंग की बाध्यता कर दी गई है। इससे साफ है कि गैस की उपलब्धता और सप्लाई में समस्या है, लेकिन सरकार वास्तविक स्थिति से इनकार कर रही है। कमर्शियल गैस की सप्लाई अचानक रोक देने से घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग और कालाबाजारी बढ़ेगी, वहीं होटल व्यवसायियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेसियों को रोकती पुलिस टीम