पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण) जोन इंदौर के निर्देश पर बड़वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना वरला पुलिस ने ग्राम पांजरिया के ब्राह्मणे फल्या स्थित एक मकान पर दबिश दी। थाना प्रभारी निरीक्षक नारायण रावल को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि मकान में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही विशेष पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
अनाज की बोरियों के पीछे छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो अनाज की बोरियों के पीछे छिपाकर रखी गई 29 प्लास्टिक की थैलियां बरामद हुईं। थैलियों की जांच करने पर उनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा भरा मिला। जब्त गांजे का कुल वजन 1 क्विंटल 47 किलोग्राम (147 किलो) पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 32 लाख 34 हजार आंकी गई है। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए मादक पदार्थ जब्त कर लिया।
ये भी पढ़ें- एक करोड़ 35 लाख के गेहूं घोटाले मामले में एफआईआर दर्ज, पुलिस ने दस व्यक्तियों को बनाया आरोपी
एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
प्रारंभिक जांच में मकान शांतिलाल पिता सिलदार बारेला निवासी पांजरिया का पाया गया, जो मौके से फरार मिला। पुलिस ने घर पर मौजूद उसके भतीजे बदिया उर्फ कमीस पिता रेवसिंग बारेला (21 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा अपना होना स्वीकार किया। इसके बाद थाना वरला में अपराध क्रमांक 113/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को विशेष न्यायालय बड़वानी में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। वहीं फरार आरोपी शांतिलाल बारेला की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नारायण रावल, उप-निरीक्षक छन्नुलाल चौहान, सहायक उप-निरीक्षक महेंद्रसिंह चौहान, मनीष श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक दामनसिंह, आरक्षक अरविंद, विपेसिंह तथा आरक्षक चालक सतीश की विशेष भूमिका रही।