खजुराहो के गौतमा होटल में खाना खाने के बाद इलाज के दौरान अब तक चार लोगों की मौत हो गई। दो लोग अभी भी ग्वालियर में वेंटिलेटर पर हैं। यह सभी होटल के ही कर्मचारी हैं। सभी आठ कर्मचारी फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए थे, जिन्हें उल्टी और बेचैनी की शिकायत के बाद छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जानकारी लगते ही प्रशासन के अधिकारी सहित खाद्य एवं औषधि अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और सैंपलिंग की कार्रवाई की गई। दरअसल छतरपुर जिले के खजुराहो में CM मोहन यादव और उनका पूरा मंत्रिमंडल दो दिनों के लिए खजुराहो से सरकार चला रहे हैं। खजुराहो के सारे होटल, रेस्टोरेंट भरे हुए हैं, लेकिन बिना जांच-पड़ताल के ही खाना लोगों को खिलाया जा रहा है। इसके शिकार खुद होटल के कर्मचारी ही हो गए। बीमार कर्मचारियों को पहले खजुराहो स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बीमार होने वालों में रामस्वरूप कुशवाहा, प्रागीलाल कुशवाह (45 वर्ष), बिहारी पटेल (60 वर्ष), गिरजा (35 वर्ष), रोशनी रजक (35 वर्ष), गोलू अग्निहोत्री (25 वर्ष) और रवि (19 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी खजुराहो के निवासी हैं।
ये भी पढ़ें- आज खजुराहो में होगी मंत्रि-परिषद की बैठक, लाडली बहनों के खातों में राशि भेजेंगे सीएम
डॉक्टरों ने फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है और मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। सभी कर्मचारियों ने आलू-गोभी की सब्जी का सेवन किया था। तभी सभी कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ गई थी। खजुराहो के डॉक्टर जादौन सिंह ने बताया कि मरीजों ने दोपहर बीते दिन तीन बजे लंच किया था। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने होटल के किचन और भोजन की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी है। वहीं जिला हॉस्पिटल ने कुछ कर्मचारियों को ग्वालियर रेफर कर दिया था तो वहीं इलाज के दौरान तीन कर्मचारियों की मौत हो गई। दो लोग अभी भी वेंटिलेटर पर हैं।
इनकी हुई मौत
ग्वालियर इलाज के लिए गए कर्मचारियों में तीन मौत की पुष्टि की गई है। गिरजा रजक (35), रोशनी रजक (35), हार्दिक सोनी (20), रामस्वरूप कुशवाहा (47), रवि (19) और गोलू अग्निहोत्री (25) को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। उसके बाद ग्वालियर भेजा गया। इनमें से प्रागीलाल कुशवाहा, गिरजा रजक एवं रामस्वरूप कुशवाहा की मौत हुई है।
कलेक्टर ने जताया दुःख, 20-20 हजार की दी आर्थिक सहायता
मामले की जानकारी लगते ही कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। खाना खाने से बीमार हुए गौतम होटल खजुराहो के तीन कर्मचारियों की दुःखद मृत्यु होने पर कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने तत्काल परिजन को रेडक्रॉस सोसायटी से 20-20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की, वहीं मृतक प्रागीलाल कुशवाहा, गिरजा रजक एवं रामस्वरूप कुशवाहा के परिजन को आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की। होटल के भोजन की जांच के लिए सैंपलिंग भी कराई गई है। जब छतरपुर के CMHO आरपी गुप्ता से बात हुई तो उन्होंने बताया कल आठ लोग खजुराहो से भर्ती होने आए थे, कुछ लोगो को ग्वालियर इलाज के लिए रेफर किया था, उन्ही में से तीन लोगों की मौत हो गई।
चौथे शख्स ने रास्ते में दम तोड़ा
ग्वालियर से जानकारी सामने आई कि खजुराहो के गौतम रिसोर्ट में कर्मचारियों ने सोमवार दोपहर को खाना खाया था... खाना खाने की कुछ ही मिनट बाद इन सभी कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ने लगी उन्हें उल्टी, चक्कर , पेट दर्द और घबराहट जैसे लक्षण होने लगे। गंभीर हालत में नौ कर्मचारी को जिला अस्पताल से ग्वालियर जयारोग्य अस्पताल के लिए रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान तीन लोगों ने दम तोड़ दिया है। इसमें एक महिला शामिल है। परिजनों के अनुसार ग्वालियर लाते समय एक व्यक्ति की रास्ते में ही मौत हो गई है। मृतकों की संख्या चार बताई जा रही है। परिजनों ने आशंका जताई है कि खाने में जहर मिलाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने रिसॉर्ट पहुंचकर खाने के नमूने जब्त किए और स्टाफ से पूछताछ शुरू की। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने मामला दर्ज कर भोजन, पानी और किचन की साफ सफाई से जुड़े सभी सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। प्रशासन ने रिसॉर्ट प्रबंधन को किचन की स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं।