छतरपुर के लवकुशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरद्वार गांव के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार गिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बस से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकालकर मदद की।
ये भी पढ़ें- दतिया उपचुनाव: सीएम, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और नरोत्तम की मौजूदगी में आशुतोष तिवारी कल भरेंगे नामांकन
सूचना मिलते ही लवकुशनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली में गिट्टी भरी होने से उसके अवैध परिवहन की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।