तीर्थ दर्शन योजना के तहत शुक्रवार शाम दमोह से काशी और अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन रवाना हुई। यात्रियों को शुभकामनाएं देने के लिए मध्य प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, दमोह विधायक जयंत मलैया और पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया रेलवे स्टेशन पहुंचे।
मंत्री लोधी ने स्टेशन पर मौजूद 424 तीर्थ यात्रियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और ट्रेन में सवार होने से पहले उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि सरकार की यह योजना बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान करती है। यात्रियों में उत्साह और खुशी का माहौल था।
मंत्री लोधी ने बताया कि अब अयोध्या के लिए भी तीर्थ दर्शन योजना में ट्रेन चलाई जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में लोग भगवान रामलला और काशी विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने तीर्थ यात्रियों को शुभ यात्रा की शुभकामनाएं दीं और ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना उन्हें अपने धार्मिक स्थलों के दर्शन का सपना साकार करने में मदद करती है। सरकार की इस योजना ने जिले के लोगों के बीच विश्वास और खुशी का माहौल पैदा किया है।