दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के सैलवाड़ा गांव में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बुधवार रात अज्ञात बदमाशों ने गांव के एक कपड़ा व्यापारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नगदी चोरी कर ली। घटना उस समय हुई, जब पूरा परिवार रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए तेंदूखेड़ा गया हुआ था। गुरुवार सुबह घर लौटने पर दरवाजा टूटा मिला और घर का सामान बिखरा देखकर परिवार के होश उड़ गए।
शादी में गया था पूरा परिवार, सूने मकान में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार सैलवाड़ा निवासी साहब विश्वकर्मा गांव में कपड़े का व्यवसाय करते हैं। परिवार के रिश्तेदार के यहां तेंदूखेड़ा में शादी थी। उनकी पत्नी दो दिन पहले ही शादी समारोह में चली गई थीं, जबकि बुधवार शाम साहब विश्वकर्मा अपनी दोनों बेटियों के साथ तेंदूखेड़ा पहुंचे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर को निशाना बनाया और ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए।
पढ़ें: बालाजी के दर्शन, यज्ञ-हवन में आहुति के साथ 11 कन्याओं का पूजन कर लिया आशीष
दरवाजा तोड़ा, अलमारी खंगाली और जेवर-नगदी समेट ले गए
परिजनों के मुताबिक चोरों ने घर का आधा दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने पूरे घर में रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा नगदी चोरी कर फरार हो गए। घर लौटने पर दरवाजा टूटा और सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला।
15 से 20 लाख रुपये के नुकसान का दावा
पीड़ित परिवार का कहना है कि चोर करीब 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और नगदी लेकर फरार हुए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि चोरी गए सामान और नगदी का वास्तविक आकलन जांच और दस्तावेजों के आधार पर किया जाएगा।
20 दिन पहले भी हुई थी चोरी, अब तक नहीं मिला सुराग
ग्रामीणों ने बताया कि सैलवाड़ा गांव में करीब 20 दिन पहले भी चोरी की एक बड़ी वारदात हुई थी, लेकिन पुलिस अब तक उसका खुलासा नहीं कर सकी है। लगातार दूसरी घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि पहले मामले में कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले और बढ़ गए हैं।
डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर तेंदूखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
क्या बोली पुलिस
तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी सरोज ठाकुर ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में जेवर और नगदी चोरी होने की बात सामने आई है, लेकिन चोरी गई संपत्ति की वास्तविक कीमत का पता जांच पूरी होने और पीड़ित परिवार से विस्तृत जानकारी मिलने के बाद ही चल सकेगा। मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।