मध्य प्रदेश के दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में आने वाले सेमरा लोधी गांव निवासी 26 वर्षीय युवक का शव मंगलवार दोपहर गांव के पास पेड़ से लटका मिला। युवक 15 दिन से घर से लापता था, उसके पिता की हत्या के मामले में उसकी गवाही थी, लेकिन उसके पहले वह लापता हो गया। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस के पहुंचते ही गांव के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया। कुछ देर बाद परिजन संजय चौराहे पहुंचे और दमोह पथरिया मार्ग पर जाम लगा दिया।
पुलिस समझाने पहुंची तो महिलाओं ने एक पुलिसकर्मी के साथ धक्का मुक्की कर दी। इसके बाद एसडीओपी प्रिया सिंधी और पथरिया टीआई अमित मिश्रा मौके पर पहुंचे परिजनों को समझाइश दी। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद परिजनों को मनाकर जाम खत्म करवाया गया।
13 अगस्त को पुलिस को सूचना दी
इस दौरान मृतक के कुछ परिजनों ने पथरिया थाना के एएसआई इंद्राज सिंह के साथ धक्का मुक्की भी की। मृतक लखन अहिरवार की मां ममता ने बताया कि एक अगस्त को उनका बेटा प्रयागराज से दमोह आया था। गांव में सड़क किनारे उसने कुछ जमीन खरीद कर दो कमरे बनाए थे, जिनकी वह छपाई करा रहा था। तीन अगस्त को दोपहर 2 बजे वह घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। कुछ दिनों तक हमने गांव में और आसपास कई जगह खोजबीन की, जब वो नहीं मिली तो 13 अगस्त को पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने उनके बेटे को नहीं खोजा। मंगलवार को खबर मिली की बेटे का शव पेड़ से लटका है। परिजनों का आरोप है कि जिस राकेश लोधी के खेत में बेटा लटका मिला है उसने और उसके ही परिवार के लोगों ने बेटे की हत्या की है।
पिता की हुई थी हत्या
आपको बता दें कि करीब 1 साल पहले मृतक लखन के पिता जमना की गांव में ही कुछ लोगों ने पत्थर पटककर हत्या कर दी थी। जिसका केस न्यायालय में चल रहा है। परिजनों का कहना है की 18 अगस्त को कोर्ट में इस मामले में बेटे की गवाही थी और उसके पहले ही वह गायब हो गया। इससे साफ है कि आरोपियों ने बेटे की हत्या की है। मृतक का शव कई दिन पुराना है, इसलिए फोरेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया गया है। उसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Bhopal: डीईओ कार्यालय में NSUI का प्रदर्शन, बोले-NCERT मॉड्यूल में भारत विभाजन का जिम्मेदार कांग्रेस को बताया
ऐसे हुई पहचान
मोबाइल, घड़ी और कपड़ों से मृतक की पहचान हुई है। पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि उचित कार्रवाई की जाएगी। जो भी दोषी होंगे उन्हें छोड़ नहीं जाएगा। मृतक शादीशुदा है उसके तीन बेटे हैं। वह करीब 8-10 साल से प्रयागराज में ही मजदूरी करता था और वही रहता था। कुछ साल पहले उसने गांव में एक जमीन खरीदी थी जहां दो कमरे बनवाए थे जिनकी छपाई करने के लिए यहां आया था और यह हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें- Indore News: दिसंबर तक इंदौर को मिलेंगे 10 सांदीपनि स्कूल, मूसाखेड़ी में नहीं मिली जमीन