डीजे संचालकों की लापरवाही से ग्वालियर में एक मासूम की जान चली गई। मुरार के तिकोनिया इलाके में डीजे और टेंट कारोबारी ने 20 रुपये देने का लालच देकर ट्रांसफार्मर से तार जोड़कर नादान बच्चे को थमा दिया और उसे नाले में उतार दिया। इसी तार से करंट लगने से उसकी जान चली गई।
आरोपी डीजे वाले ने आठ साल के मासूम शिवा कुशवाह की जिंदगी की परवाह नहीं की। उसे बिजली का तार पकड़ाया और नाले में उतार दिया। शिवा को करंट के खतरे का बिलकुल अंदाजा नहीं था, लेकिन शातिर डीजे संचालक ने मासूम को 20 रुपये का लालच दिया और उसकी जेब नोट रख दिया। मासूम शिवा ने पहले तो पैसे लेने से मना कर दिया लेकिन डीजे कारोबारी हेमंत और मनोज जाटव ने उसे लालच में फंसा दिया। शिवा ने जान की परवाह किए बगैर करंट का तार पकड़ा और ट्रांसफार्मर से डीजे के गोदाम तक नाले के रास्ते लाने लगा। इसी बीच उसका हाथ तार के खुले हुए हिस्से से चिपक गया और उसकी मौत हो गई।
45 मिनट नाले में पड़ा रहा
शिवा लगभग 45 मिनट तक नाले में पड़ा रहा। इसी बीच डीजे कारोबारी हेमंत और मनोज जाटव चाहते तो उसे जल्दी निकाल कर अस्पताल ले जाकर उसकी जान भी बचा सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और उसे तड़पता छोड़कर भाग गए। नाले में इतनी देर तक पड़े रहने से मासूम शिवा की जान चली गई।
ये भी पढ़ें-
शाहजहानाबाद लूटकांड के आरोपी निकले एमव्हीएम कॉलेज झपटमारी के आरोपी, पुलिस ने दर्ज किया केस
यह पूरी घटना शुक्रवार दोपहर लगभग 2:00 बजे हुई। मासूम शिवा अपने दोस्त नितिन के साथ नाले के पास खेल रहा था। नितिन साइकिल पर था और शिवा वहीं खड़ा था तभी डीजे चलाने वाले हेमंत और मनोज आए। उन्होंने बच्चों से कहा कि एक तरफ का तार ट्रांसफार्मर से जुड़ गया है दूसरा किनारा पकड़ और नाले के नीचे से निकाल दे, 20 रुपये देंगे।
बिजली चोरी करना चाहता था डीजे संचालक
दरअसल, बिजली विभाग ने डीजे कारोबारी के गोदाम की लाइट काट दी थी और वह अपने गोदाम में चोरी की बिजली जलाना चाहता था, इसलिए वह खंबे की बजाय नाले के नीचे से तार निकालना चाह रहा था ताकि कोई देख ना सके। हेमंत और मनोज को जब यह लगा की तार ले जाने में खतरा है तो उन्होंने मासूम शिवा को लालच में फंसाया और उसे नाले में उतार दिया।
ये भी पढ़ें-
न्यूज के नाम से फर्जी कंटेंट फैला रहे इंस्टाग्राम आईडी, अमर उजाला की पहल पर केस दर्ज
डीजे कारोबारी हिरासत में
घटना के बाद सीएसपी राजीव जांगले का कहना है कि डीजे कारोबारी को हिरासत में ले लिया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद इन पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना का सीसीटीवी से जो वीडियो मिला है उसमें मासूम शिवा का 7 साल का दोस्त नितिन साइकिल पर दिख रहा है। इस घटना के बाद वो सदमे में है। ये दोनों ही बच्चे अक्सर साथ में खेला करते थे, लेकिन चोरी की बिजली जलाने वालों ने उसके दोस्त शिवा की जान ले ली। नितिन इस घटना के लिए डीजे कारोबारी को दोषी मानता है। इलाके के लोग यह चाहते हैं कि ऐसे लोगों को कड़ी सजा मिलना चाहिए जो इस घटना के लिए दोषी हैं।