लंबे समय से भीषण गर्मी और तेज धूप की मार झेल रहे हरदा जिले को मंगलवार दोपहर मौसम ने बड़ी राहत दी। अचानक तेज आंधी, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश शुरू होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान लौटा दी। खरीफ सीजन की बुवाई की तैयारियों में जुटे किसानों के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है।
बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आने के बाद किसानों ने बुवाई कार्य तेज कर दिया है। लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने इसे फसलों के लिए बेहद लाभदायक बताया है। जिले के ग्रामीण इलाकों में बारिश के बाद खेतों में फिर से रौनक लौट आई है।
वहीं, लगातार हो रही तेज बारिश के कारण जिले के आदिवासी अंचल में नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। खिरकिया-मोरगढ़ी मार्ग पर सोनपुर के समीप माचक नदी के पुल पर पानी बहने से आवागमन प्रभावित हो गया। पुल के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
बारिश का असर पहेट, आमासेल, दीपगांव कलां, बेड़ियां, बावड़ियां, नहाली कलां, सारसूद, कडोला और सोमगांव कलां सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला। कई कच्चे मार्गों पर जलभराव होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा तथा कुछ गांवों का मुख्य मार्गों से अस्थायी संपर्क भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि माचक नदी के पुल पर सुरक्षा रेलिंग नहीं होने से बारिश के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है। तेज बहाव के बीच पुल पार करना जोखिम भरा साबित हो सकता है। लोगों ने पुल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और स्थायी समाधान की मांग की है।
ये भी पढ़ें- Live Dausa Bus Fire Live: ऋषिकेश से इंदौर जा रही बस ट्रक से टकराकर धधकी, आठ की मौत; घायलों का इलाज जारी
जिला प्रशासन और राजस्व विभाग की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से उफनते नदी-नालों और जलभराव वाले मार्गों को पार नहीं करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक जिले में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में एक ओर किसानों के लिए यह बारिश उम्मीदों की नई किरण लेकर आई है, वहीं दूसरी ओर लोगों को सावधानी बरतने की भी आवश्यकता है।