जबलपुर पुलिस ने विगत आठ महीने में अवैध मादक पदार्थ के कारोबार में लिप्त 161 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने औसतन हर तीन दिन में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा बरामद किए गए मादक पदार्थों की कीमत एक करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
ये भी पढ़ें:
गोल्डन होम का वीडियो बनाने वाले को दिया उद्योग पति ने नोटिस, बढ़-चढ़ कर बातें बताने का आरोप
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि 26 अक्टूबर 2024 को उन्होंने अवैध मादक पदार्थ तथा नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार में लिप्त तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए थे। पुलिस ने विगत आठ माह में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी में लिप्त 133 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 644 किलो 302 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसका मूल्य 1 करोड़ 28 लाख 86 हजार रुपये है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में महिलाएं भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें:
जाति प्रमाणपत्र में फर्जीवाड़ा, सरकारी नौकरी कर रहे 25 कर्मचारी पकड़े, इनमें शिक्षक, डॉक्टर और इंजीनियर भी
अवैध मादक पदार्थ स्मैक की तस्करी में लिप्त 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर 70 ग्राम 25 मिलीग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसका बाजार मूल्य 7 लाख 2 हजार रुपये आंका गया है। इसी प्रकार नशीले इंजेक्शन के कारोबार में लिप्त 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर 22 हजार 109 इंजेक्शन जब्त किए गए हैं। प्रतिबंधित दवाइयों के कारोबार में लिप्त 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की प्रतिबंधित दवाइयां जब्त की गई हैं। उन्होंने बताया कि अवैध मादक पदार्थ के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।