मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को जिले के दौरे पर पहुंचे। बहोरीबंद में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद जब वे कटनी शहर पहुंचे, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला के नेतृत्व में आस्था प्लाज़ा स्थित कांग्रेस कार्यालय में पटाखे, नारों और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
ये भी पढ़ें- बड़वारा पहुंचे सीएम यादव ने दी 234 करोड़ की सौगात, बहनों से किया वादा दोहराया; कांग्रेस पर निशाना
जीतू पटवारी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए चुनाव आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने यहां तक कहा कि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति में पारदर्शिता नहीं है, इसलिए 100 प्रतिशत निर्वाचन रद्द होना चाहिए। पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और चुनाव प्रक्रिया में जनता के विश्वास को चोट पहुंचा रही है। प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए पटवारी ने कहा कि कटनी ही नहीं, पूरे प्रदेश में माफियाओं का बोलबाला है। उन्होंने कहा भू-माफिया, शराब माफिया, बजरी माफिया और हर तरह के माफिया भाजपा सरकार की शह पर सक्रिय हैं। जब तक भाजपा सत्ता में है, तब तक आम जनता को माफियाओं से मुक्ति नहीं मिल सकती।
जीतू पटवारी ने स्थानीय स्तर पर भाजपा नेताओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने विशेष तौर पर कटनी विधायक संजय पाठक का नाम लेते हुए कहा कि प्रदेश सरकार और उनके नेता जनता की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं को केवल सत्ता और लाभ की राजनीति से मतलब है, जबकि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और अव्यवस्थाओं से जूझ रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि पार्टी पूरी मजबूती से जनता की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य सत्ता पाना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें और माफिया राज के खिलाफ जनता की आवाज को बुलंद करें। कटनी में हुए इस कार्यक्रम ने स्थानीय राजनीति में हलचल मचा दी है। जहां भाजपा नेताओं ने पटवारी के बयानों को चुनावी स्टंट बताया, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे जनता की सच्ची आवाज करार दिया।