कटनी नगर निगम क्षेत्र के माधवनगर से लगे इमलिया रोड पर एक लकड़ी टाल में सुबह आग भड़क उठी। घटना की जानकारी लगते ही चार फायर गाड़ियां मौके पर आग पर काबू पाने के लिए लगाई गई है। लगभग 4 घंटे से आग को बुझाने का प्रयास किया जा रहा है और आग बढ़े न, इसके लिए जेसीबी की मदद से लकड़ी हटाने में भी अमला जुटा हुआ है।
ये भी पढ़ें- होटल की चौथी मंजिल से कूदकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने की खुदकुशी, बीते डढ़े महीने से रह रहा था
जानकारी के अनुसार माधव नगर के इमलिया रोड में श्रीराम आहूजा की आहूजा टाल के नाम से लकड़ी का काम संचालित है। सुबह 6 बजे के लगभग आस-पास के लोगों ने टाल से धुंआ उठता देखा और मालिक को सूचना दी। थोड़ी देर में आग ने भीषण रूप ले लिया और टाल के बड़े हिस्से में फैल गई। नगर निगम के फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। जिसके बाद माधव नगर जोन, सिविल लाइन कार्यालय सहित अन्य जोन की चार गाड़ियां मौके पर लगाई गई है और लगातार 4 घंटे से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। जेसीबी की मदद से लकड़ी के अन्य हिस्सों को अलग किया जा रहा है ताकि आग आगे न बढ़े, लेकिन रह रहकर आग सुलग रही है। जिस स्थान पर टाल स्थापित है, उसके पीछे के हिस्से में अन्य फैक्ट्रियां है, जिसके चलते वहां के संचालक भी दहशत में है। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए फायर सेफ्टी अधिकारी मृदुल श्रीवास्तव ने बताया कि आहूजा लकड़ी टाल में आग लगने की जानकारी 6 बजकर 10 मिनट में मिली थी। सूचना मिलते ही महज 8 मिनट में पहली गाड़ी पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया, और चार गाड़ियां 16 राउंड लगा चुकी हैं, जिससे काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि लड़की ताल में पहले से कोई सुरक्षा इंतजाम न होने की जांच करवाई जाएगी। वहीं लकड़ी टाल संचालक श्रीराम आहूजा ने बताया कि आग लगने का कारण अज्ञात है। आस पड़ोस के लोगों से जानकारी मिली थी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी आकर आग पर पानी डालने लगी। नुकसान कितना हुआ आग बुझाने के बाद ही स्पष्ट होगा।