नरसिंहपुर के गाडरवारा शहर के व्यस्त शक्ति चौक पर मकान खाली कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते सड़क पर हंगामे में बदल गया। मकान मालिक और किराएदार महिलाओं के बीच हुई तीखी बहस इतनी बढ़ गई कि दो महिलाओं ने बीच सड़क पर ही मकान मालिक की चप्पलों और थप्पड़ों से पिटाई कर दी।
दिनदहाड़े हुई इस घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मकान मालिक काफी समय से किराएदारों से मकान खाली कराने की बात कह रहा था। शुक्रवार को इसी मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों महिलाओं ने गुस्से में मकान मालिक पर चप्पलों और थप्पड़ों की बरसात शुरू कर दी।
बीच सड़क पर हो रही मारपीट को देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। कई लोगों ने दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर तक हंगामा चलता रहा।
घटना के दौरान शक्ति चौक पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीर रुककर तमाशा देखने लगे। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बना लिया, जो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में महिलाएं मकान मालिक से मारपीट करती नजर आ रही हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही गाडरवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराया और उन्हें थाने ले गई। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति सामान्य हुई और सड़क पर आवागमन दोबारा शुरू कराया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों से अलग-अलग पूछताछ की गई।
गाडरवारा थाना प्रभारी अशोक सिंह चौहान ने बताया कि मकान मालिक ने आरोप लगाया है कि किराएदार महिलाएं तय समय पर मकान खाली नहीं कर रही थीं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो मारपीट तक पहुंच गया। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना के वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- MP: मध्यप्रदेश में 12 वीं कक्षा के छात्र को आठ माह में चार बार सांप ने काटा, हर बार सिर्फ इस वजह से बची जान
जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है और जांच में मारपीट या अन्य अपराध की पुष्टि होती है, तो संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।