शिवपुरी जिले के कमलागंज घोषीपुरा इलाके में घर के बाहर लूडो खेलने, सिगरेट पीने और कथित तौर पर गाली-गलौज करने से मना करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवकों को टोकने के बाद अगले दिन विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान परिवार के चार सदस्यों पर पत्थर और डंडों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना में सतु मिस्त्री, उनकी बहू मुस्कान और उनके बेटे असफाक व सोहिल घायल हुए हैं।
एफआईआर के अनुसार सतु मिस्त्री के घर के सामने रहने वाले आजम खान, जाहीर खान और बिलाल खान घर के बाहर बैठकर लूडो खेल रहे थे और सिगरेट पी रहे थे। इस दौरान गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप है। सतु के बेटे आसिफ ने युवकों को घर के सामने सिगरेट पीने से मना किया था। शिकायत के मुताबिक, इसी बात को लेकर 25 सितंबर की सुबह करीब 10:30 बजे विवाद हो गया। आरोप है कि आजम खान, बिलाल खान, जाहीर खान और नदीम खान ने परिवार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। परिवार की ओर से विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
ये भी पढ़ें- सिंहस्थ: जहां जन्मे CM मोहन, वो घर टूटेगा! 60 साल पुराने पैतृक मकान पर लाल निशान, बहन-दोस्त के घर भी जद में
परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि बिलाल खान ने सतु मिस्त्री के सिर पर पत्थर से वार किया। पत्थर लगने से उनके सिर में चोट आई और खून निकलने लगा। सतु को बचाने के लिए उनकी बहू मुस्कान पहुंचीं तो उनके माथे पर भी आजम खान द्वारा पत्थर मारने का आरोप लगाया गया है। इसी दौरान जाहीर खान पर असफाक के सिर में पत्थर मारने और नदीम खान पर सोहिल के साथ डंडे से मारपीट करने का आरोप है। मारपीट में परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के दौरान जुम्मन खान और शाहरुख खान द्वारा बीच-बचाव किए जाने की बात भी एफआईआर में दर्ज है। परिवार का आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी जाते समय धमकी देकर गए और दोबारा विवाद होने पर जान से खत्म करने की बात कही।
मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। हालांकि एफआईआर में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बयानों के बाद ही विवाद की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।