बॉलीवुड और टेलीविजन के लोकप्रिय जोड़ी फिल्म अभिनेता रवि दुबे और फिल्म अभिनेत्री सरगुन मेहता ने आज सुबह श्री महाकालेश्वर भगवान की भस्म आरती में भाग लिया। भस्म आरती के दौरान दोनों कलाकारों ने श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद मंदिर समिति की ओर से उप प्रशासक एस. एन. सोनी ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचकर दोनों कलाकारों ने मंदिर की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि इतनी अधिक भीड़ होने के बावजूद सभी श्रद्धालुओं को सुचारू रूप से दर्शन कराना आसान काम नहीं है, लेकिन श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति इसे बखूबी निभा रही है।
रवि दुबे का करियर
रवि दुबे भारतीय अभिनेता, मॉडल, टेलीविजन प्रस्तुतकर्ता और निर्माता हैं। उन्होंने 2006 में शो स्त्री तेरी कहानी से अभिनय की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने डोली सजा के और यहां के हम सिकंदर जैसे शो में भूमिकाएँ निभाईं। उन्हें सास बिना ससुराल और जमाई राजा जैसे पारिवारिक ड्रामा शो में अभिनय करने के बाद दर्शकों में खास पहचान मिली। इसके अलावा उन्होंने रियलिटी शो नच बलिए 5 और फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 8 में भी भाग लिया।
यह भी पढ़ें
-सर्द हवाओं से कांप रहा मध्यप्रदेश, MP में पहली बार पारा 6.5 डिग्री तक गिरा, राजगढ़ सबसे ठंडा
सरगुन मेहता का सफर
सरगुन मेहता भारतीय अभिनेत्री, मॉडल और टेलीविजन मेजबान हैं। उन्होंने अपने कॉलेज के समय थिएटर से अभिनय की शुरुआत की और 2009 में जी टीवी के शो 12/24 करोल बाग़ से टेलीविजन करियर शुरू किया। कलर्स टीवी के शो फुलवा ने उनके करियर को महत्वपूर्ण मुकाम दिया। 2013 में उन्होंने बूगी वूगी किड्स शो की मेजबानी की और 2015 में पंजाबी फिल्म अंग्रेज से फिल्मी करियर की शुरुआत की।