उमरिया जिले में रेल हादसे में बुढ़ार निवासी घनश्याम सिंह (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना घुनघुटी-मुदरिया रेलवे ट्रैक के बीच हुई। घनश्याम पूरी-बलसाड़ एक्सप्रेस से दूसरे प्रदेश में रोजगार की तलाश में जा रहा था। हादसे में युवक के सिर और पैर पर गंभीर चोट आई है। फिलहाल उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार घनश्याम सिंह पिता बालगोविंद सिंह, ग्राम नवगई (बुढ़ार) के निवासी है। वह पूरी-बलसाड़ ट्रेन में सफर कर रहे थे, लेकिन घुनघुटी-मुदरिया के बीच अचानक ट्रेन से गिर गए। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे एक गैंगमैन ने उन्हें देखा और तुरंत इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा को बुलाया गया, जिसके माध्यम से पहले घायल युवक को पाली अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे उमरिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ये भी पढ़ें- सीधी कलेक्टर पर टाइगर रिजर्व में निजी वाहन ले जाने का आरोप, NTCA ने शुरू की जांच
युवक किन परिस्थितियों में चलती ट्रेन से गिरा यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, प्रारंभिक जांच और कयासों के आधार पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि घनश्याम संभवतः ट्रेन के दरवाजे पर बैठा हुआ था और नींद के झोंके में नीचे गिर गया। यह भी हो सकता है कि किसी झटके के कारण संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से नीचे गिर गया हो। रेलवे प्रशासन फिलहाल मामले की जांच कर रहा है। घायल युवक को सिर और पैर पर गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार, उसके शरीर में कई जगह चोटों के निशान हैं, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, जिला अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही घनश्याम के बड़े भाई धन सिंह जिला अस्पताल पहुंचे।
हादसे के बाद रेलवे प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक रिपोर्ट में यह सामने आया है कि ट्रेन से गिरने का मुख्य कारण संतुलन खोना हो सकता है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, घनश्याम की हालत स्थिर लेकिन गंभीर बनी हुई है, और इलाज जारी है।