अलवर मिनी सचिवालय के कलेक्टर सभागार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई है, जिससे जिले में हड़कंप मच गया है। पिछले महीने भी इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसके बाद जयपुर से बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड को बुलाया गया था और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। लेकिन यह अफवाह फिर झूठी निकली और कोई बम धमाका मिनी सचिवालय या इसके आसपास हुआ।
इस बार एक और ईमेल आज प्राप्त हुआ है, जिसमें कलेक्टर सभागार और दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी है। इस ईमेल के प्राप्त होने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है और हर जगह कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। मिनी सचिवालय आने जाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: दो लोगों को मौत के घाट उतारने वाली खूंखार 'कनकटी', रेस्क्यू कर एंक्लोजर में छोड़ा गया
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) बीना महावर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार भी धमकी मेल के जरिए दी गई है। जैसे ही यह सूचना मिली, प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया। मौके पर पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड की टीमों को तैनात किया गया है। पूरी इमारत की गहन तलाशी ली गई, लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध या ज्वलनशील पदार्थ नहीं मिला है।
प्रशासन ने सभी कर्मचारियों और आम जनता को शांत रहने की अपील की है। सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया जा रहा है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की साइबर टीम भी धमकी देने वाले व्यक्ति या समूह का पता लगाने में जुट गई है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। वैसे प्रशासन भी पूरी तरह सतर्कता बरत रहा है और प्रत्येक गेट पर पुलिस की व्यवस्था की गई है। वैसे तो यह व्यवस्था आमतौर पर ही रहती है, लेकिन व्यवस्था पहले से बढ़ा दी गयी है।
यह भी पढ़ें: 'ऑपरेशन सिंदूर को किया जाएगा पाठ्य-पुस्तकों में शामिल', कोटा में बोले डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा