पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राज्य के वन मंत्री संजय शर्मा ने जिला अस्पताल पहुंचकर पौधरोपण किया, मरीजों को फल वितरित किए और उनकी कुशलता के बारे में जानकारी ली।
मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने बताया कि शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सुबह दिल्ली में प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और एनडीए के सभी नेताओं ने अटल जी की जयंती मनाई। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर एक लेख भी लिखा। इसी क्रम में आज अलवर जिला अस्पताल में अटल बिहारी वाजपेयी की शताब्दी के अवसर पर सेवा कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अलवर में सभी मरीजों को फल वितरित किए गए। रामाश्रय वार्ड में भर्ती मरीजों को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने हाथों से फल वितरित किए और उनकी कुशलक्षेम पूछी।
इस दौरान भूपेंद्र यादव ने कहा कि राजनीति में अब युवाओं को आगे आना चाहिए। अटल बिहारी वाजपेयी की राजनीति से युवा बहुत कुछ सीख सकते हैं। जब अटल जी प्रधानमंत्री बने, तो उन्होंने प्रधानमंत्री सड़क योजना शुरू की, गोल्डन कॉरिडोर का निर्माण कराया और ट्राइबल मिनिस्ट्री का गठन किया। उन्हीं के कार्यकाल में नए राज्यों का गठन हुआ। उनकी नीतियों और विचारों से युवा राजनीति में प्रेरणा ले सकते हैं।