अलवर शहर के तिलक मार्केट में शुक्रवार को पटाखों की एक दुकान में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना शहर कोतवाली थाना क्षेत्र की है। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग पर काबू पाने और उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए गए। घटना की जानकारी मिलने पर नगर निगम की मेयर सुमनलता भी मौके पर पहुंचीं।
पढे़ं: 'अरुणाचल में भारत-चीन सैनिकों के बीच तनाव बरकरार': आईटीबीपी के डीजी ने बताई स्थिति, और क्या-क्या कहा?
बताया जा रहा है कि पटाखों की यह दुकान काफी पुरानी है और यहां थोक में पटाखों का कारोबार होता है। स्थानीय स्तर पर दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और प्रतिबंधों के बावजूद कारोबार होने की बात भी सामने आई है।
दुकान में आग लगने से काफी नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक मात्रा का आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।